आपदा प्रबंधन में भारत बना 'ग्लोबल लीडर', अमित शाह बोले- हमारा लक्ष्य 'जीरो कैजुअल्टी'
-गाजियाबाद में एनडीआरएफ को मिला ‘प्रेसिडेंट्स कलर’, गृह मंत्री बोले- अब लक्ष्य ‘जीरो कैजुअल्टी’ -एनडीआरएफ ने अपने साहस, समर्पण और परिश्रम से 140 करोड़ जनता का भरोसा जीता- शाह
लखनऊ/गाजियाबाद, अमृत विचार: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में “ग्लोबल लीडर” और “फर्स्ट रिस्पॉन्डर” बनकर उभरा है। बीते 20 वर्षों में एनडीआरएफ ने अपने साहस, समर्पण और परिश्रम से देश की 140 करोड़ जनता का भरोसा जीता है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय एनडीआरएफ के जवानों को देखते ही लोगों में सुरक्षा और भरोसे का भाव पैदा होता है।
गाजियाबाद में गुरुवार को 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ को ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ प्रदान किए जाने के समारोह में अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार आपदा प्रबंधन को केवल राहत आधारित व्यवस्था तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि “रिएक्टिव” से “प्रिवेंटिव और प्रोडक्टिव” मॉडल की ओर ले गई है। अब सरकार का लक्ष्य “मिनिमम कैजुअल्टी” से आगे बढ़कर “जीरो कैजुअल्टी” हासिल करना है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय एनडीआरएफ के जवानों ने अब तक 1.5 लाख से अधिक लोगों की जान बचाई और 9 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया है।
गृह मंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल एनडीआरएफ का नहीं, बल्कि एसडीआरएफ, पंचायतों, एनसीसी, एनएसएस और हजारों आपदा मित्रों की सेवाओं की भी स्वीकृति है। उन्होंने कहा कि 116 करोड़ रुपये से अधिक लागत की छह परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया गया है, जिससे आपदा प्रबंधन तंत्र और मजबूत होगा। अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने आपदा प्रबंधन के लिए 10 सूत्रीय एजेंडा और 360 डिग्री अप्रोच अपनाई है।
रिस्क मैपिंग, अर्ली वार्निंग, कम्युनिटी पार्टिसिपेशन और गाइडलाइंस निर्माण के जरिए भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना को धरातल पर उतारते हुए भारत दुनिया में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय हीट वेव जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए भी व्यापक तैयारी कर चुका है और सरकार हीट वेव से होने वाली मृत्यु दर को शून्य तक लाने की दिशा में काम कर रही है।
सीएपीएफ जवानों ने लगाए 7 करोड़ पौधे
गृह मंत्री ने बताया कि 2021 से अब तक केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के जवानों ने देशभर में 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए हैं। उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
ये भी पढ़ें :
पश्चिमी यूपी में धार्मिक पर्यटन को मिलेगी रफ्तार, बरेली-बदायूं को पर्यटन परियोजनाओं के लिए 52 करोड़ की सौगात
