Uttrakhand: 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए मां पूर्णागिरि के दर्शन

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

टनकपुर, अमृत विचार। मां पूर्णागिरि मेले में शनिवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। शाम तक 25 हजार से अधिक श्रद्धालु मां के दर्शन कर चुके थे। शुक्रवार की शाम से ही ट्रेनों और अन्य वाहनों के जरिए श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था।

मेला स्पेशल ट्रेन के साथ ही पैसेंजर ट्रेनें खचाखच भरी रहीं। इसके अलावा बसों, निजी वाहनों से भी श्रद्धालु टनकपुर पहुंचे और यहां से पैदल जत्थों में जयकारा लगाते हुए रात में ही पूर्णागिरि की ओर रवाना हुए। ठुलीगाड़ पड़ाव में पहुंचते काफी अधिक भीड़ रही। पुलिस को श्रद्धालुओं को पंक्ति में खड़ा कर दर्शन के लिए भेजना पड़ा। मां पूर्णागिरि मंदिर समिति अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने बताया कि शुक्रवार से शनिवार शाम तक पच्चीस हजार से अधिक श्रद्धालु मां के दर्शन कर चुके थे। 

श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी था। उन्होंने बताया कि रात में भी श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खुले हुए हैं। मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी ने बताया कि गर्मी के कारण श्रद्धालु दिन की अपेक्षा रात्रि में अधिक आ रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वास्थ्य, लाइट आदि का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इधर पड़ोसी देश नेपाल के महेंद्र नगर व ब्रह्मदेव मंडी स्थित सिद्धनाथ मंदिर में भी भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं जिससे नेपाल के बाजारों में भी का खासी रौनक बनी हुई है।

 

संबंधित समाचार