यूपी में स्कूल भवनों की सुरक्षा जांच जल्द होगी शुरू, सरकार ने हाईकोर्ट में दिया भरोसा
लखनऊ, अमृत विचार। हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में राज्य सरकार की ओर से भरोसा दिलाया गया है कि प्रदेश भर के स्कूल भवनों की सुरक्षा जांच जल्द शुरू कर दी जाएगी। वहीं न्यायालय को यह भी जानकारी दी गई कि अधिकारियों और स्कूल प्रबंधनों की बैठक काफी सकारात्मक रही है तथा शीघ्र ही न्यायालय के समक्ष प्रभावी प्रस्ताव पेश किए जाएंगे।
इस पर न्यायालय ने संबंधित मामले की अगली सुनवायी के लिए 16 जुलाई की तिथि नियत की है।यह आदेश न्यायमूर्ति आलोक माथुर और न्यायमूर्ति बृजराज सिंह की खंडपीठ ने गोमती रिवर बैंक रेजिडेंट्स की ओर से दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए पारित किया।
सुनवाई के दौरान अपर महाधिवक्ता ने न्यायालय को बताया कि स्कूल प्रबंधन और राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ दो दौर की बैठकें हो चुकी हैं, इन बैठकों में शहर के शैक्षणिक संस्थानों के आसपास बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर कई सुझाव सामने आए हैं।
यह भी बताया गया कि प्रदेश के सभी स्कूलों के भवनों की सुरक्षा जांच के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निरीक्षण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस पर न्यायालय ने मामले में विस्तृत अध्ययन और नए प्रस्ताव पेश करने के लिए अतिरिक्त समय दिया है।
