Uttrakhand News: हल्द्वानी में केमिस्टों के बंद का मिलाजुला असर, ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ निकाली रैली 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्टों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर मंगलवार 20 मई को उत्तराखंड के हल्द्वानी में मेडिकल स्टोर बंद रखने की अपील की गई। इस बंद के चलते शहर में कई मेडिकल स्टोर बंद रहे।

ऑनलाइन बिक्री से खतरे में मरीज
केमिस्टों ने महिला अस्पताल से सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय तक एक रैली भी निकाली और ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी को ज्ञापन भी दिया। ज्ञापन में कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री के कारण छोटे और मध्यम स्तर के दवा विक्रेताओं का कारोबार प्रभावित हो रहा है। साथ ही बिना उचित निगरानी के दवाओं की ऑनलाइन बिक्री मरीजों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। नगर अध्यक्ष गोपाल अधिकारी ने बताया कि दवा विक्रेताओं की आजीविका पर संकट गहराता जा रहा है। 

फार्मासिस्टों पर रोजगार का संकट
वहीं एसोसिएशन के महामंत्री गिरीश जोशी ने कहा कि ऑनलाइन दवा कारोबार तेजी से बढ़ने के कारण हजारों फार्मासिस्ट, मेडिकल स्टोर संचालक और दवा कंपनियों से जुड़े कर्मचारियों की नौकरियां खतरे में हैं। मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बंद के दौरान आपात स्थिति में दवा उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्रवार संपर्क सूत्र और जिम्मेदार व्यक्तियों के मोबाइल नंबर भी जारी किए गए। 

खुले मिले ज्यादातर मेडिकल
इधर एक अन्य रिटेल मेडिकल स्टोर एसोसिएशन ने इस बंद का समर्थन नहीं किया। जिस वजह से मेडिकल स्टोर की कई दुकानें खुल भी गईं। कुल मिलाकर बंद का मिला-जुला असर ही रहा और शाम के समय ज्यादातर मेडिकल स्टोर खुल गए। इस मौके पर नरेंद्र साहनी, संदीप जोशी, चंद्रशेखर दानी, चंद्रशेखर पंत, उमेश जोशी, नवीन पाठक, संजीव श्रीवास्तव और जिया उल हक रहे।

 

संबंधित समाचार