बरेली : चाहें कितनी भी कॉल कर लें-विद्युतकर्मी फोन नहीं उठाते- वन मंत्री के पत्र से हड़कंप, हटाए गए अधिशासी अभियंता
अमृत विचार : बरेली में गहराए बिजली संकट पर यूपी के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार के एक पत्र ने ऊर्जा विभाग में खलबली मचा दी। ऊर्जा मंत्री को भेजे पत्र में वन मंत्री ने कहा कि, जिले में भयंकर बिजली कटौती हो रही है। चाहें कितनी भी कॉल कर लो, लेकिन अधिकारी फोन नहीं उठाते हैं। आमजन बेहाल है। आक्रोश बढ़ रहा है। वनमंत्री की शिकायत के बाद विद्युत विभाग ने बरेली में तैनात अधिशासी अभियंता अवनीश कुमार यादव, अनिल कुमार चौहान और संजीव कुमार को यहां से हटाकर लखनऊ भेज दिया है। बरेली के अलावा मंडल के अन्य तीनों जिले, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर से अधिशासी अभियंता हटाए गए हैं।
डॉ. अरुण कुमार, बरेली शहर विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्होंने बरेली बिजली की स्थिति बताते हुए लिखा कि, जबरदस्त बिजली कटौती की जा रही है। थोड़ी-थोड़ी देर में बिजली कटती है। काफी गर्मी पड़ रही है। ऐसे में भरपूर बिजली न मिलने से आमजन काफी परेशान हैं।
हालात ये हैं कि क्षेत्र में कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। आंधी-तूफान के कारण तारों टूटे पड़े हैं। पानी में करंट उतरने से दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। इंसानों के साथ पशुओं की मौतें हो चुकी हैं।
परेशान लोग हमारे पास शिकायतें लेकर आ रहे हैं कि फाल्ट ठीक नहीं होने से घंटों और कुछ जगहों पर दिनभर की कटौती हो रही है। विद्युत विभाग के कर्मचारी या अधिकारी फोन पर बात करने को तैयार नहीं है। हालात ये हैं कि चाहें उन्हें कितनी भी कॉल कर ली जाएं लेकि वे कॉल नहीं उठाते हैं।
वन मंत्री ने ऊर्जा मंत्री का ध्यान खींचते हुए कहा कि यह काफी गंभीर समस्या बनती जा रही है। इसको लेकर जब मैंने अधिकारियों से प्रश्न किया तो उन्हेांने कहा कि हमारे पास स्टॉफ की कमी है।
