योगी सरकार का बड़ा फैसला : हर गांव तक पहुंचेगी पक्की सड़क, प्रदेश में ग्रामीण कनेक्टिविटी अभियान तेज
लखनऊ, अमृत विचार : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उप्र. राज्य ग्रामीण सड़क अभिकरण (यूपीआरआरडीए) ने प्रदेश के सभी असंबद्ध गांवों और बस्तियों को हर मौसम के अनुकूल पक्की सड़कों से जोड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मार्गदर्शन में ग्रामीण सड़क नेटवर्क को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
यूपीआरआरडीए के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने बताया कि मैदानी क्षेत्रों में 500 या उससे अधिक आबादी वाली सभी बस्तियों और मजरों को चरणबद्ध तरीके से पक्की सड़कों से जोड़ा जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तीसरे चरण के तहत पुराने ग्रामीण मार्गों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है।
विशेष रूप से स्कूलों, अस्पतालों और कृषि मंडियों को जोड़ने वाले मार्गों को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए डिजिटल तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है। नागरिक ‘मेरी सड़क’ मोबाइल ऐप के जरिए शिकायत और फीडबैक दर्ज कर सकेंगे, जबकि ‘मेरा गांव मेरी सड़क’ पोर्टल पर निर्माण कार्यों की लाइव स्थिति देख सकेंगे। सरकार का दावा है कि इससे गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
