UP News: सीसीटीवी खंगालते रहे परिजन, नहीं खुला होटल संचालक की मौत का राज
मुरादाबाद-बाजपुर बस स्टैंड स्थित जायका चिकन कॉर्नर के संचालक नसरुद्दीन की संदिग्ध मौत का रहस्य अब तक नहीं खुल सका है। मामले में परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई।
मसवासी, अमृत विचार। मुरादाबाद-बाजपुर बस स्टैंड स्थित जायका चिकन कॉर्नर के संचालक नसरुद्दीन की संदिग्ध मौत का रहस्य अब तक नहीं खुल सका है। मामले में परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई।
होटल में खाना खाने के बाद बिगड़ी थी तबियत
बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात होटल के पास किराये के कमरे में संदिग्ध भोजन खाने के बाद नसरुद्दीन और कारीगर मोहम्मद हनीफ की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उनके साथ परिवार के तीन अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से बीमार हो गए थे। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार रात ही कारीगर फारूक अहमद की मौत हो गई थी। वहीं नसरुद्दीन को गंभीर हालत में दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान शनिवार को उसने भी दम तोड़ दिया।
परिजनों ने खंगाले आसपास के सीसीटीवी
अजीमनगर के गांव नागलिया आकिल से पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने होटल और किराये के कमरे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। काफी देर तक जांच पड़ताल के बाद भी कोई संदिग्ध व्यक्ति कमरे की ओर जाता दिखाई नहीं दिया। परिजनों ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। दोनों मृतकों का बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पुलिस को नहीं मिली लिखित शिकायत
चौकी इंचार्ज सोहन पाल सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। बताया जाता है कि नसरुद्दीन और उसके परिवार ने आलू की कतली और दही का सेवन किया था। सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर खाद्य सामग्री के नमूने भी लिए हैं।
