Etawah Accident : तेज कार की चपेट में आई मां-बेटी, मौके पर ही दम तोड़ा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

इटावा। यूपी के इटावा जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के हुए सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दोनों स्लीपर बस से उतरकर सड़क किनारे गई थीं और पीछे से तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ऊसराहार थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 128 पर यह दुर्घटना तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुई। सिद्धार्थनगर से नई दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस के चालक ने यात्रियों के शौच के लिए बस को एक्सप्रेसवे पर ही रोक दिया था।

इस दौरान बस में सवार कुसुम (50) और उनकी पुत्री अंजलि (13) निवासी खोजपुर, जनपद सिद्धार्थनगर बस से नीचे उतरीं। अंधेरा अधिक होने के कारण दोनों दिशा भ्रमित होकर डिवाइडर की ओर चली गईं। तभी पीछे से तेज गति से आ रही एक बेकाबू वैगनआर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ऊसराहार थाना पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। 

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी भेज दिया। पुलिस के अनुसार कार चालक की पहचान हर्ष पांडे निवासी दावतपुर, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। दुर्घटनाग्रस्त कार को एक्सप्रेसवे चौकी कुदरैल में खड़ा कराया गया है। एसएसपी ने बताया कि प्राथमिक जांच में बस चालक की लापरवाही सामने आई है। यदि यात्रियों को किसी टोल प्लाजा या सुरक्षित स्थान पर उतारा जाता तो हादसा टाला जा सकता था। 

पुलिस ने नियम विरुद्ध एक्सप्रेसवे पर बस खड़ी करने और तेज रफ्तार वाहन चलाने के मामले में बस और कार दोनों को कब्जे में लेते हुए संबंधित चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शवों को अंतिम संस्कार के लिए अपने गांव ले गए। हादसे के बावजूद एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य रूप से संचालित होता रहा।  

संबंधित समाचार