बाराबंकी में गल्ला व्यापारी के यहां लाखों की चोरी, खिड़की तोड़कर घुसे चोर, जेवरात और नगदी लेकर फरार
बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी में मसौली थाना क्षेत्र के बड़ागांव मोड़ स्थित गल्ला की थोक दुकान और मकान को देर रात चोरों ने निशाना बना लिया। बदमाश घर के पीछे लगी लोहे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात तथा नगदी चोरी कर फरार हो गए। घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बड़ागांव मोड़ स्थित बाहुबली ट्रेडर्स के संचालक ने बताया कि देर रात अज्ञात चोर मकान के पीछे से पहुंचे और लोहे की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद उन्होंने घर और दुकान में रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात व नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
.jpg)
सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो घर के सामान बिखरे पड़े मिले और खिड़की टूटी हुई दिखाई दी। जांच करने पर चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद पीड़ित व्यापारी ने तत्काल मसौली थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मसौली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
1.jpg)
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
