Sant Kabir Nagar Crime News : संतकबीरनगर पुलिस ने 3 शातिर बदमाशों को दबोचा, तमंचा-मोबाइल और बाइक बरामद
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे और एसओजी प्रभारी रजनीश राय के नेतृत्व में गठित टीम ने मेंहदावल बाईपास रोड चौराहे के पास से अवधेश कुमार धुरिया, सौरभ यादव और प्रभात यादव को गिरफ्तार किया।
संतकबीर नगर। उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले की कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने झपटमारी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक तमंचा, छह मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
मेंहदावल बाईपास रोड चौराहे के पास से हुई गिरफ्तारी
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे और एसओजी प्रभारी रजनीश राय के नेतृत्व में गठित टीम ने मेंहदावल बाईपास रोड चौराहे के पास से अवधेश कुमार धुरिया, सौरभ यादव और प्रभात यादव को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि 30 मई को गौसपुर निवासी महातम पुत्र रामराज ने कोतवाली खलीलाबाद में तहरीर देकर बताया था कि वह बरदहिया बाजार जा रहा था। बिधियानी तिराहे के आगे ओवरब्रिज पर मोबाइल पर बात करने के दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से आए चार युवकों ने उसका मोबाइल छीन लिया।
तमंचा दिखाकर छीनते थे मोबाइल फोन
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों में से एक के पास कट्टा भी था, जिसके कारण वह विरोध नहीं कर सका। तहरीर के आधार पर कोतवाली खलीलाबाद में धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मोबाइल बरामद होने पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई तथा आर्म्स एक्ट के तहत एक अन्य मुकदमा भी पंजीकृत किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ बरदहिया, गोला, बिधियानी, मगहर, कटबंध और आसपास के क्षेत्रों में घूमकर राहगीरों को तमंचा दिखाकर मोबाइल फोन छीनते थे।
कई अन्य घटनाओं में संलिप्तता हैं आरोपी
आरोपियों ने बताया कि छीने गए मोबाइल बाद में अज्ञात व्यक्तियों को बेच दिए जाते थे और प्राप्त धनराशि आपस में बांट ली जाती थी। पुलिस के अनुसार बरामद छह मोबाइल फोन में एक मोबाइल 30 मई की घटना से संबंधित है, जबकि अन्य मोबाइल विभिन्न स्थानों पर की गई झपटमारी की घटनाओं से जुड़े हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों के बयान से पूर्व में भी कई अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता के संकेत मिले हैं। उन मामलों की जांच कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
