बाराबंकी विमलेश पाल हत्याकांड : आरोपी सिपाही को मिली जमानत, तो पीड़ित परिवार ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल, जानें क्या कहा..

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

महिला सिपाही विमलेश पाल के परिजनों का आरोप है कि पुलिस की चार्जशीट और थाने की जनरल डायरी में दर्ज ड्यूटी संबंधी विवरणों में विरोधाभास के कारण आरोपी को जमानत का लाभ मिला।

बाराबंकी, अमृत विचार। बहुचर्चित महिला सिपाही विमलेश पाल हत्याकांड में आरोपी सिपाही इंद्रेश मौर्य को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ से जमानत मिलने के बाद मृतका के परिजनों ने मामले की जांच और पैरवी पर सवाल उठाए हैं।

न्याय की मांग को लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे परिजन

न्याय की मांग को लेकर परिजन मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचे और एएसपी से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की। इस मामले में परिजनों का आरोप है कि पुलिस की चार्जशीट और थाने की जनरल डायरी में दर्ज ड्यूटी संबंधी विवरणों में विरोधाभास के कारण आरोपी को जमानत का लाभ मिला। उन्होंने मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की। इस दौरान एएसपी ने परिजनों को मामले की गंभीरता से जांच कराने और न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बहन बोली आरोपी को जमानत मिलने से निराश हैं परिजन

एसपी कार्यालय से बाहर आने के बाद मृतका की बहन पूजा पाल ने बताया कि परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है और आरोपी को जमानत मिलने से वे निराश हैं। उन्होंने मामले में कड़ी सजा की मांग की। वहीं मृतका की मां अनारा देवी ने आरोपी के जेल से बाहर आने के बाद परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। मृतका के जीजा दिलीप पाल ने भी मामले में प्रभावी पैरवी और जांच की आवश्यकता पर जोर दिया। बता दें कि हाल ही में न्यायालय ने प्रस्तुत तथ्यों के अनुसार आरोपी सिपाही को जमानत दे दी है।

संबंधित समाचार