Pilibhit News: PTR घूमने आए गुजरात के पर्यटकों से ठगी का आरोप, फर्जी रसीद थमाकर की अवैध वसूली

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

डिप्टी डायरेक्टर ने एसपी को लिखा पत्र, ट्रैवल एजेंट बताने वाले व्यक्ति पर धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप

पीलीभीत, अमृत विचार। बाघों के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में घूमने आए गुजरात के पर्यटकों से कथित तौर पर ठगी और अवैध वसूली का मामला सामने आया है। खुद को ट्रैवल और टूर एजेंट बताने वाले एक व्यक्ति पर पर्यटकों से अतिरिक्त धनराशि वसूलने, फर्जी रसीद देने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पीटीआर प्रशासन ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

35 हजार रुपये लेकर कराई थी बुकिंग
नई दिल्ली निवासी अभिनव विश्वास ने पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह को भेजी शिकायत में बताया कि गुजरात से आए उनके दो मेहमानों के लिए तीन रातों के फार्म स्टे और पांच राउंड सफारी की व्यवस्था कराई गई थी। इसके लिए गुरविंदर सिंह नामक व्यक्ति को 35 हजार रुपये ऑनलाइन भुगतान किया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि भुगतान लेने के बाद भी पर्यटकों को निर्धारित सुविधाएं नहीं दी गईं।

दो सफारी के बाद शुरू की अतिरिक्त रकम की मांग
शिकायत के अनुसार दो सफारी पूरी होने के बाद आरोपी ने पर्यटकों से अतिरिक्त धनराशि मांगनी शुरू कर दी। उसने दावा किया कि पीटीआर में वाहन उपलब्ध नहीं हैं और ‘अंडर टेबल सेटिंग’ करके सफारी वाहन की व्यवस्था करनी पड़ रही है। इसके एवज में प्रत्येक सफारी के लिए पांच हजार रुपये अतिरिक्त देने का दबाव बनाया गया।

व्हाट्सएप पर भेजी संदिग्ध रसीद
जब पर्यटकों ने पहले किए गए भुगतान की आधिकारिक रसीद मांगी तो आरोपी कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका। आरोप है कि बाद में व्हाट्सएप पर एक ऐसी रसीद भेजी गई, जो फर्जी और जालसाजी से तैयार की गई प्रतीत हुई। शिकायतकर्ता ने सरकारी दस्तावेजों के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया है।

कैमरा शुल्क के नाम पर भी वसूले पांच हजार
पर्यटकों ने आरोप लगाया कि सफारी के दौरान कैमरा चार्ज के नाम पर उनसे पांच हजार रुपये नकद लिए गए, लेकिन उसकी भी कोई अधिकृत रसीद नहीं दी गई। साथ ही लगातार फोन कॉल कर अतिरिक्त रकम देने का दबाव बनाया गया और इनकार करने पर मानसिक रूप से परेशान किया गया।

एसपी को भेजा गया कार्रवाई का पत्र
पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह ने शिकायत में लगाए गए आरोपों को गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव को पत्र भेजकर मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि मामले में शिकायतकर्ता की शिकायत पर तथ्यों का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक को उचित कानूनी कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है। सरकारी दस्तावेजों के दुरुपयोग और पर्यटकों से धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार