Big Cricket League Noida : नोएडा में बिग क्रिकेट लीग की धूम, शिखर धवन की तूफानी पारी ने यूपीबीएस को दिलाई पहली जीत
अगले 13 जून तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 6 टीमों के बीच 16 मैच खेले जाएंगे। लीग में 36 इंटरनेशनल खिलाड़ी, 12 आईपीएल और 60 अमैच्योर प्लेयर खेल रहे हैं। 13 जून को फाइनल मैच होगा। सबसे खास बात ये है कि बीसीएल में दर्शकों की एंट्री बिल्कुल फ्री है। मैच देखने के लिए उन्हें एक भी रुपया नहीं देना पड़ेगा।
अमृत विचार : यूपी के ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बिग क्रिकेट लीग (बीसीएल) सीजन-टू का रोमांच छा गया है। देश के ऐसे उभरते क्रिकेटर, जो किसी बड़े मंच पर खेलने को बेताब रहते हैं, वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के साथ हाथ आजमाने मैदान में उतरे हैं। अगले 13 जून तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 6 टीमों के बीच 16 मैच खेले जाएंगे। लीग में 36 इंटरनेशनल खिलाड़ी, 12 आईपीएल और 60 अमैच्योर प्लेयर खेल रहे हैं। 13 जून को फाइनल मैच होगा। सबसे खास बात ये है कि बीसीएल में दर्शकों की एंट्री बिल्कुल फ्री है। मैच देखने के लिए उन्हें एक भी रुपया नहीं देना पड़ेगा।
यूपी के श्रम एवं रोजगार विभाग के मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह ने बुधवार को बीसीएल का शुभारंभ करते हुए कहा कि, ऐसे मंच खेल प्रतिभाओं को तराशने में महत्वपूर्ण हैं। बीसीएल को लेकर खेल प्रशंसकों में गजब का उत्साह है।
यूपी ब्रिज स्टार्स ने जीता पहला मैच
बीसीएल का उद्घाटन मैच यूपी बिज स्टार्स (यूपीबीएस) और मुंबई मरीन (एमएम) के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई मरीन ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए। मुंबई की तरफ से एन ओझा ने तूफानी पारी खेली। 23 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 40 रन बनाए। ए पठान ने 21 गेंदों में 34 रनों का योगदान किया। यूपीबीएस के जे मेंडिस और एस ठाकुर ने दो-दो विकेट चटकाकर यूपीबीएस को एक बड़े लक्ष्य से रोक दिया।
172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपीबीएस टीम शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही। महज 54 रन के स्कोर पर यूपीबीएस ने 2 विकेट गंवा दिए। हालांकि सलामी बल्लेबाजी शिखर धवन ने एक छोर पर जमे रहे। उन्होंने 53 गेंदों पर, चार छक्के और 7 चौकों की मदद से 80 रनों की बड़ी पारी खेली। शिखर धवन 136 रनों की साझेदारी पर आउट हो गए। उनके बाद खिलाड़ियों ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया और 18.4 ओवर में महज 4 विकेट खोकर लीग का पहला मैच जीत लिया। शिखर धवन को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।
टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी ये टीमें
बीसीएल लीग में छह टीमें खेलेंगी। इसमें मुंबई मरीन, यूपी ब्रिज स्टार्स, नॉर्दर्न चैलेंजर्स, एमपी टाइगर्स, सदर्न स्पार्टन्स और गुजरात डायमंड्स शामिल हैं. ग्रुप चरण के दौरान रोजाना 2 मैच खेले जाएंगे। 12 जून को सेमीफाइनल और 13 को फाइनल मुकाबला होगा।
प्रोफेशन-अमैच्योर प्रतियोगिता
बिग क्रिकेट लीग प्रतियोगिता आईपीएल के बाद दूसरा ऐसा टूर्नामेंट में जिसमें प्रोफेशनल क्रिकेटरों के साथ अमैच्योर खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिल रहा। बीसीएल में 36 इंटरनेशल क्रिकेटर्स खेल रहे हैं। आईपीएल खेल चुके खिलाड़ी भी हैं। इनके साथ लगभग 60 ऐसे प्लेयर्स हैं, जो शायद पहली बार अंतरराष्ट्रीय-प्रोफेशनल खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरेंगे।
मैच देखने आएं, फ्री है एंट्री
बीसीएल के संस्थापक आरपी सिंह के मुताबिक, जो लोग टिकट खरीदकर स्टेडियम में मैच देखने नहीं पहुंच सके। ऐसे खिलाड़ी, उनके परिवार वाले और खेल प्रशंसक मैच देखने आएं। उन्हें को ध्यान में रखकर निश्शुल्क एंट्री रखी गई है। युवा खिलाड़ियों को एक बड़े मंच पर खेलने का मौका मिल रहा है।
खिलाड़ियों का बढ़ेगा आत्मविश्वास
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के साथ बीसीएल प्रतियोगिता खेलने वाले भारतीय अमैच्योर खिलाड़ियों में आत्मविश्वास बढ़ेगा। एक तरह से ये मंच उनके सपनों को पूरा करने का पहला पायदान भी साबित हो सकता है।
