दिल्ली अग्निकांड : नैनीताल समेत उत्तराखंड के कई जिलों में सख्ती, सभी होटल-होमस्टे और मॉल का होगा सुरक्षा ऑडिट

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के अनुसार प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान और जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की संयुक्त समितियां गठित की गई हैं।

नैनीताल। राष्ट्रीय राजधानी के मालवीय नगर के एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद नैनीताल समेत उत्तराखंड के कई जिलों में जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है और सभी होटल, गेस्ट हाउस, लॉज, होमस्टे, वाणिज्यिक मॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं।

जानिए क्या बोले नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन

वहीं नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के अनुसार प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान और जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की संयुक्त समितियां गठित की गई हैं। नगर क्षेत्रों में नगर मजिस्ट्रेट और ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित उपजिलाधिकारी समितियों की अध्यक्षता करेंगे। समितियों को 15 दिनों के भीतर सभी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपनी होगी। 

निरीक्षण के दौरान भवनों में आपातकालीन निकास व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, विद्युत तारों की स्थिति, फायर अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की वैधता, पार्किंग व्यवस्था तथा प्रवेश और निकास मार्गों की जांच की जाएगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि किसी आपदा या आग लगने की स्थिति में राहत एवं बचाव वाहनों की आवाजाही में कोई बाधा तो नहीं है।

भवनों के स्वीकृत मानचित्र और वास्तविक निर्माण का भी सत्यापन किया जाएगा। डीएम रयाल ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि किसी प्रतिष्ठान में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन, गंभीर अनियमितता अथवा जनसुरक्षा के लिए खतरा पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार