Stock Market Closed : उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजारों में लौटी तेजी, आईटी सेक्टर पर दबाव जारी; बढ़त में बंद हुए सेंसेक्स-निफ्टी
मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को लिवाली लौट आयी, हालांकि आईटी कंपनियों के दबाव में प्रमुख सूचकांक दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद हल्की बढ़त में बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 13.84 अंक (0.02 प्रतिशत) की तेजी में 74,360.01 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 10.95 अंक यानी 0,05 प्रतिशत ऊपर 23,416.55 अंक पर पहुंच गया। प्रमुख सूचकांकों में बड़ा उतार-चढ़ाव देखा गया। दिनभर ये कभी लाल तो कभी हरे निशान में रहे। इस दौरान सेंसेक्स नीचे 73,807.30 अंक तक और ऊपर 74,544.24 अंक तक गया। वृहत बाजार में शुरू से ही अच्छी तेजी रही।
निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.43 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.49 प्रतिशत टूट गया। धातु, आईटी और रसायन सेक्टरों की कंपनियों में निवेशक बिकवाल रहे। वहीं, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और मीडिया समूहों के सूचकांक दो प्रतिशत से अधिक चढ़े।
बैंकिंग, वित्त, फार्मा, स्वास्थ्य, ऑटो और एफएमसीजी समूहों में भी तेजी देखी गयी। एनएसई में जिन 3,396 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,815 के शेयर बढ़त में रहे और 1,471 के फिसल गये। अन्य 110 कंपनियों के शेयर दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 18 के शेयर लाल निशान में रहे। टाइटन में सबसे अधिक 3.43 प्रतिशत की तेजी रही। इटरनल का शेयर 2.91 प्रतिशत, आईटीसी का 1.21 प्रतिशत और टेक महिंद्रा का 0.95 प्रतिशत चढ़ा। भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बीईएल और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी बढ़त में बंद हुए। इंफोसिस का शेयर 1.76 फीसदी टूट गया। बजाज फिनसर्व में 1.32 प्रतिशत और अल्ट्राटेक सीमेंट में 0.96 प्रतिशत की गिरावट रही।
एचसीएल टेक्नोलॉजीज, अडानी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनीलिवर, टाटा स्टील, सन फार्मा, एलएंडटी, भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस के शेयर भी लाल निशान में रहे।
वैश्विक स्तर पर आज एशिया में हांगकांग का हैंग सेंग 1.48 प्रतिशत, जापान का निक्केई 1.36 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.64 प्रतिशत लुढ़क गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में ब्रिटेन का एफटीएसई फिलहाल 0.90 फीसदी नीचे है जबकि जर्मनी के डैक्स में 0.28 प्रतिशत की तेजी है।
