बाराबंकी में बुलडोजर एक्शन से बिगड़ा भू माफियाओं का खेल : ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की ताबड़तोड़ कार्रवाई से दर्जनभर से ज्यादा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। बेशकीमती जमीनों पर साठगांठ कर कब्जा करने के बाद प्लाटिंग करने वाले माफियाओं की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम गुंजिता अग्रवाल के ताबड़तोड़ एक्शन से कमर टूटने लगी है। एक सप्ताह के भीतर अलग-अलग अवैध कब्जेदारों की प्लाटिंग पर बुलडोजर चलवाकर जमीनें खाली कराने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। वहीं इन परियोजनाओं में निवेश कर चुके खरीददारों में भी भय का माहौल है। इस बीच प्रशासन की कार्रवाई जारी है।

बताते चलें कि भूमाफियाओं के खिलाफ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम गुंजिता अग्रवाल ने अपना शिकंजा और कसा है। अवैध प्लाटिंग करने वालों को चिन्हित कर इन्हे नोटिस जारी की गई। कोई जवाब न मिलने व निर्माण ध्वस्त न करने की दशा में न्यायालय ने कार्रवाई का निर्णय लिया। इसके बाद इन निर्माणों को ध्वस्त करने का सिलसिला शुरु हो गया। अवैध कब्जे की आड़ में भोले भाले निवेशकों की जमा पूंजी लूटने चले भू माफियाओं को अंदाजा नहीं था कि इस बार की कार्रवाई कुछ अलग हटकर होगी।

एसडीएम की मौजूदगी में प्रशासन, पुलिस की टीम ने सिपहिया, रेंदुआ पल्हरी, खजूर गांव, बड़ेल और लक्ष्बर बजहा समेत अन्य जगहों पर अलग अलग नामों से इंफ्रा टेक चला रहे डेवलपर्स के निर्माण का बुलडोजर के जरिए ध्वस्तीकरण कराया गया। एक सप्ताह के भीतर एक दर्जन से अधिक जगहों पर ताबड़तोड़ एक्शन से माफियाओं का सुख चैन छिन गया।

शहर व शहर से सटी बेशकीमती जमीनों पर कब्जे के सहारे अरबपति बनने का सपना तो चकनाचूर हुआ ही साथ ही औरों के लिए यह कार्रवाई नजीर बन गई है। हालांकि जाल में फंस चुके निवेशकों के लिए स्थिति काफी असहज है। उनकी जमा पूंजी का क्या होगा, यह तय करना मुश्किल है। एसडीएम गुंजिता अग्रवाल ने बताया कि अवैध कब्जेदारों को बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान अनवरत जारी रहेगा। 

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा- कार्रवाई रहेगी जारी 

जनहित और नियमानुसार विकास प्रशासन की प्राथमिकता है। बिना ले-आउट और मानचित्र स्वीकृति के किसी भी व्यक्ति या संस्था को प्लॉटिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ऐसे ही सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्लॉट या भूखंड को खरीदने से पहले उसकी स्थिति की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में कानूनी और आर्थिक समस्याओं से बचा जा सके... गुंजिता अग्रवाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम।

खजूरगांव में अनधिकृत प्लॉटिंग ध्वस्त

गुरुवार को ग्राम खजूरगांव में की जा रही अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम गुंजिता अग्रवाल के निर्देश पर बुलडोजर से अवैध रूप से विकसित की जा रही प्लॉटिंग को ध्वस्त कराया गया। समर्थ इंफ्रा और गोल्डमार इंफ्रा द्वारा ग्राम खजूरगांव क्षेत्र में बिना वैधानिक अनुमति के प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी।

मामले में विकासकर्ताओं के विरुद्ध पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नियत प्राधिकारी न्यायालय में वाद की सुनवाई के उपरांत ध्वस्तीकरण का आदेश पारित हुआ। इसके बावजूद विकासकर्ताओं द्वारा निर्धारित समयावधि के भीतर अवैध प्लॉटिंग को नहीं हटाया गया। आदेश के अनुपालन में गुरुवार को विभिन्न गाटाओं पर विकसित की गई अनधिकृत प्लॉटिंग को ध्वस्त करा दिया।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

दिल्ली होटल अग्निकांड : अग्रवाल फैमिली का गुरुग्राम में एक साथ अंतिम संस्कार, रिश्तेदारों ने दी मुखाग्नि
अंतरजनपदीय स्थानांतरण पर लगी रोक : शिक्षकों के नहीं होंगे तबादले, विशेष परिस्थितियों में मिलेगी अनुमति
मोदी सरकार के 12 साल : UP में कल से चलेगा जनभागीदारी अभियान, जिलों में रात्रि प्रवास करेंगे मंत्री, CM योगी ने दिए दिशा-निर्देश
सीजेपी ने जेईई डेटा सार्वजनिक होने को लेकर सरकार पर निशाना साधा, धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग
कानपुर में मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय बोले- मोदी सरकार के 12 वर्ष भारत के उत्कर्ष, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के स्वर्णिम वर्ष