रामभक्तों के लिए खुशखबरी : राममंदिर में ऑनलाइन मिलेगी व्हील चेयर की सुविधा, जरूरतमंदों को नहीं होगी असुविधा
श्री रामलला के दर्शन के लिए निशुल्क पास के साथ ही व्हील चेयर की सुविधा भी मिल रही है। राम मंदिर के मुख्य प्रवेश मार्ग जगद्गुरु रामानंदाचार्य द्वार के बगल स्थित यात्री सुविधा केंद्र से ऑफलाइन निशुल्क व्हील चेयर दी जाती है।
अयोध्या, अमृत विचार : राम मंदिर में बुजुर्गों और जरूरतमंदों को अब ऑनलाइन व्हील चेयर की सुविधा मिलेगी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर बुकिंग की व्यवस्था शुरू करने जा रहा है। अभी तक श्री रामलला के दर्शन के लिए निशुल्क पास के साथ ही व्हील चेयर की सुविधा भी मिल रही है। राम मंदिर के मुख्य प्रवेश मार्ग जगद्गुरु रामानंदाचार्य द्वार के बगल स्थित यात्री सुविधा केंद्र से ऑफलाइन निशुल्क व्हील चेयर दी जाती है।
अब भीड़ और जरूरतमंदों को लेकर ट्रस्ट ने इस सुविधा को ऑनलाइन करने की योजना बनाई है। जिसे लेकर सॉफ्टवेयर को अपडेट करने की तैयारी है। इस प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जरूरतमंद श्रद्धालु सुगम पास के साथ ही ऑनलाइन व्हील चेयर भी बुक करा सकेंगे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्रा ने बताया कि इस योजना को लागू करने से पहले व्हील चेयर की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। जरूरतमंदों की पुष्टि के लिए मानक तय किये जा रहे हैं।
कहा कि राम मंदिर परिसर में प्राइवेट व निजी व्हील चेयर लेकर जाने की नहीं बल्कि सिर्फ ट्रस्ट के द्वारा बने व्हील चेयर को ही ले जाने की सुविधा दी जा रही है। जिसे श्रद्धालुओं को निशुल्क प्राप्त हो रही है। इसमें श्रद्धालु को सिर्फ चालक का निर्धारित मानदेय 150 रुपये देना होता है।
