AI की निगरानी में हुई CNET-2026 परीक्षा, 97.6 फीसदी अभ्यर्थी हुए शामिल, जानें कब आएगा रिजल्ट

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

20 शहरों के 307 केंद्रों पर 1.48 लाख परीक्षार्थियों की हुई रियल टाइम मॉनिटरिंग

लखनऊ, अमृत विचार : अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी (एबीवीएमयू) की ओर से शनिवार को आयोजित कॉमन नर्सिंग एंट्रेंस टेस्ट (सीनेट)-2026 ने सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा प्रबंधन का नया कीर्तिमान स्थापित किया। प्रदेश के 20 शहरों में बनाए गए 307 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 97 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, परीक्षा परिणाम एक सप्ताह के भीतर घोषित कर दिया जाएगा।

एबीवीएमयू के कुलपति मेजर जनरल डॉ. अमित देवगन ने बताया कि परीक्षा का संचालन परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवाशीष शुक्ला के निर्देशन और डॉ. आरबी सिंह व उनकी टीम के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों का व्यापक नेटवर्क तैयार किया गया, जिससे दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले परीक्षार्थियों को राहत मिली।

MUSKAN DIXIT - CNET-2026

सीनेट-2026 की सबसे बड़ी विशेषता इसकी एआई आधारित डिजिटल निगरानी व्यवस्था रही। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लगभग 1.48 लाख अभ्यर्थियों की निगरानी एआई-सक्षम सीसीटीवी कैमरों और बायोमेट्रिक सत्यापन प्रणाली के जरिए की गई। सभी केंद्रों पर लगाए गए करीब 9500 स्मार्ट कैमरे विश्वविद्यालय के कमांड सेंटर से जुड़े थे, जहां से परीक्षा गतिविधियों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की गई।

परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित बनाए रखने के लिए एसटीएफ, खुफिया विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और अन्य सुरक्षा एजेंसियों का भी सहयोग लिया गया।

पंजीकरण में भी बढ़ा रिकॉर्ड

कुलपति डॉ. अमित देवगन के अनुसार, इस वर्ष 1,48,268 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें 1,07,796 महिलाएं और 40,472 पुरुष शामिल रहे। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में अधिक रही। अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों की संख्या तीन प्रतिशत से भी कम रही, जो परीक्षा के प्रति बढ़ते विश्वास और उत्साह को दर्शाती है।

MUSKAN DIXIT - CNET-2026

पाठ्यक्रमवार उपस्थिति भी रही शानदार

बीएससी नर्सिंग : 97.6% उपस्थिति

एमएससी नर्सिंग : 96.6% उपस्थिति

बेसिक नर्सिंग : 97% उपस्थिति

लखनऊ में 614 ने छोड़ी प्रवेश परीक्षा

परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवाशीष शुक्ला ने बताया कि लखनऊ के 53 सेंटरों में 26161 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। इसमें 25547 अभ्यर्थी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए। 614 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। लगभग 97.65 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

संबंधित समाचार