आवास विकास की योजनाओं में 1.20 लाख पौधे फैलाएंगे हरियाली, मुख्य मार्गों के किनारे 'एकल मार्ग - एकल प्रजाति' थीम पर होगा पौधरोपण

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

40 हजार बागपत योजना, अवध विहार वृत्त और मेरठ वृत्त में 25-25 हजार पौधरोपण

लखनऊ, अमृत विचार : आवास विकास अपनी योजनाओं में प्रदूषण पर नियंत्रण और पर्यावरण संतुलन के साथ सौंदर्यीकरण करेगा और हरियाली फैलाएगा। आवास विकास प्रदेश भर में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत कुल 1.20 पौधे रोपेगा। कालोनियों और टाउनशिप में मुख्य मार्गों के किनारे पौधरोपण ''एकल मार्ग - एकल प्रजाति की थीम पर किया जाएगा। जिसमें फूलदार पौधे जैसे अमलताश, गुलमोहर, जकरेंडा आदि रोपित किये जाएंगे।

आवास विभाग ने परिषद को 1.20 लाख पौधरोपण का लक्ष्य दिया है। इसी क्रम में आवास विकास के उद्यान विभाग ने योजनाओं के मार्गों, पार्कों और ग्रीन बेल्ट एरिया में अधीक्षण अभियंताओं को पौधरोपण का लक्ष्य दिया है। सबसे अधिक 40000 पौधे अधीक्षण अभियंता बागपत वृत्त लगाएगा। अधीक्षण अभियंता अवध विहार वृत्त और मेरठ वृत्त 25-25 हजार पौधरोपण करेंगे।

वृंदावन योजना में 5 हजार पौधे बढ़ाएंगे हरियाली

आवास विकास की लखनऊ में रायबरेली रोड स्थित वृंदावन कालोनी में 5000 पौधे हरियाली बढ़ाएंगे। यहां अधीक्षण अभियंता वृंदावन वृत्त की ओर से ये पौधे लगाये जाएंगे। इसके अलावा, गाजियाबाद वृत्त और रुहेलखंड वृत्त भी 5-5 हजार पौधरोपण करेंगे। अधीक्षण अभियंता अयोध्या वृत्त 4000, लखनऊ वृत्त, आगरा वृत्त, बुंदेलखंड वृत्त और प्रयागराज वृत्त 2-2 हजार एवं कानपुर वृत्त, गोरखपुर वृत्त और वाराणसी वृत्त 1-1 हजार पौधे लगाएंगे।

संबंधित समाचार