UP Weather News: यूपी में फिर बढ़ी गर्मी की तपिश, 16 जिलों में पारा 40 पार, बांदा व झांसी रहे सबसे गर्म

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश में गर्मी ने एक बार फिर तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को प्रदेश के 16 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक तापमान में लगातार वृद्धि का अनुमान जताया है।

तीखी धूप और उमस ने लोगों को किया बेहाल 

इसके साथ ही 9 से 11 जून के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार अगले पांच दिनों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। रविवार को बुंदेलखंड और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के जिलों में तीखी धूप और उमस ने लोगों को बेहाल रखा। हालांकि तराई क्षेत्र के कुछ जिलों में सुबह हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाएं भी चलीं, लेकिन इससे गर्मी से राहत नहीं मिली।

रविवार को बांदा और झांसी प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रयागराज में 42.8 डिग्री, जबकि कानपुर और फर्रुखाबाद में 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और गर्मी का असर लगातार बढ़ेगा।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

प्रदेश के सबसे गर्म शहर

• बांदा : 43.2°C
• झांसी : 43.2°C
• प्रयागराज : 42.8°C
• कानपुर : 42.4°C
• फर्रुखाबाद : 42.4°C

संबंधित समाचार