Khan Sir Controversy: पटना कोर्ट से खान सर को बड़ी राहत... कोचिंग फायरिंग मामले में गिरफ्तारी पर लगी रोक, जानें पूरा विवाद

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

पटना से मशहूर शिक्षक फैजल खान उर्फ 'खान सर' के लिए एक बेहद राहत भरी खबर सामने आई है। राजधानी के कोचिंग सेंटर में हुई गोलीबारी और हंगामे के मामले में पटना जिला अदालत ने खान सर की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है।

'खान ग्लोबल स्टडीज' के डायरेक्टर खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर पटना सिविल कोर्ट में अहम सुनवाई हुई, जिसके बाद अदालत ने उन्हें यह बड़ी अंतरिम राहत दी।

गार्ड्स की जमानत पर भी आज आ सकता है फैसला

इस पूरे घटनाक्रम में खान सर के दो निजी सुरक्षाकर्मियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। सोमवार को कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद इन गार्ड्स की जमानत याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिस पर आज अंतिम निर्णय आने की उम्मीद है।

कोर्ट में हुआ तीखा विरोध, वकील बोले- 'जानबूझकर दिया गया था आदेश'

सुनवाई के दौरान विरोधी पक्ष 'ज्ञान बिंदु' कोचिंग के वकील ने खान सर की जमानत का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कोर्ट में दावा किया कि गोलीबारी की यह घटना कोई हादसा नहीं थी, बल्कि खान सर के इशारे पर जानबूझकर की गई थी।

इससे पहले चर्चा थी कि खान सर खुद अदालत में आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर सकते हैं, लेकिन उनके कानूनी दल ने सूझबूझ दिखाते हुए ऑनलाइन अग्रिम जमानत याचिका दायर कर दी। पिछले पांच दिनों से पुलिस खान सर की तलाश में जुटी है, लेकिन उनके मौजूदा ठिकाने को लेकर सस्पेंस बरकरार है और पुलिस ने भी इस पर चुप्पी साध रखी है।

क्या है पूरा मामला?

गौरतलब है कि बीते 2 जून को खान सर के कोचिंग संस्थान 'खान ग्लोबल स्टडीज' में जमकर बवाल, तोड़फोड़ और फायरिंग हुई थी। इस हमले का ठीकरा प्रतिद्वंदी संस्थान 'ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी' के रौशन आनंद पर फोड़ा गया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रौशन आनंद समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया था।

इसके बाद 'ज्ञान बिंदु' की तरफ से एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें खान सर के सुरक्षा गार्ड्स को गोलियां चलाते हुए देखा गया। इसी वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने तफ्तीश आगे बढ़ाई और खान सर को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज की थी, जिसके बाद से ही उन पर गिरफ्तारी का खतरा मंडरा रहा था।

संबंधित समाचार