यूपी में भ्रष्टाचार पर प्रहार : शाजहांपुर में 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते सिपाही गिरफ्तार 

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

शाजहांपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक्शन जारी है। इटावा में रिश्वत लेते डिप्टी सीएमओ डॉ. श्रीनिवास यादव की गिरफ्तारी के बाद अब गुरुवार को शाहजहांपुर में एक सिपाही रिश्वत लेते पकड़ा गया है। एंटी करप्शन की टीम ने आरोपी सिपाही विवेक कुमार को 35 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

विवेक कुमार, शाहजहांपुर के जैतीपुर थाने में सिपाही के पद पर तैनात हैं। मूलरूप से बुलंदशहर के शिकारपुर थाना क्षेत्र के शिवनगर धूसरी गांव के रहने वाले हैं। गुरुवार को एंटी करप्शन की टीम ने जैतीपुर थाने के होमगार्ड रूम में दबिश दी, जहां विवेक कुमार रिश्वत लेते पकड़े गए।

जांच के नाम पर घूस 
बरेली निवासी सुधांशु कुमार शर्मा पर एक केस दर्ज है। इसकी विवेचना चल रही है। सिपाही विवेक कुमार ने विवेचक के नाम पर सुधांशु कुमार शर्मा से 35 हजार रुपये की घूस मांगी। सुधांशु शर्मा ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन में कर दी। एंटी करप्शन ने शिकायत का सत्यापन कराया। इसके बाद आरोपी सिपाही को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी प्रवीण सान्यालय ने शिकायतकर्ता सुधांशु कुमार शर्मा को रिश्वत के रुपये लेकर थाने भेजा और इसके बाद वहां दबिश देकर आरोपी सिपाही को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। 

सिपाही के खिलाफ एफआईआर 
रंगे हाथ रिश्वत लेते पकड़े गए आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। शाहजहांपुर के थाना गढ़िया रंगीन में ये कार्रवाई जारी है। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी प्रवीण सान्याल ने जोर देकर कहा कि शासन की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई चल रही है। अगर कोई सरकारी कर्मचारी-अधिकारी रिश्वत की मांग करता है तो एंटी करप्शन टीम को इसकी सूचना दें।

संबंधित समाचार