बिलाल जिनके गानों पर दीवाने हो रहे युवा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अगर काम में लगन व कड़ी मेहनत के साथ धैर्य बना रहे, तो हर हाल में मंजिल तक पहुंचने का रास्ता आसान हो ही जाता है। बॉलीवुड में प्रियंका चोपड़ा जैसी बड़ी कलाकार देने वाली ‘झुमका नगरी’ बरेली ऐसे जज्बा रखने वाले युवाओं को उनके मंजिल तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। इनमें संगीत के गायन क्षेत्र में अपना अलग मुकाम बनाने वाले बरेली के युवा गायक बिलाल खान भी शामिल हैं, जो मोहब्बत की मिठास भरे गीतों के जरिए युवाओं के दिलों पर काबिज हो रहे हैं। ज्यादा से ज्यादा युवाओं के दिलों की धड़कन बनने के लिए उनका संघर्ष अभी भी जारी है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया के युग में अभी उन्हें वो सफलता नहीं मिली, जिसकी उन्हें चाहत है, पर भरोसा है कि गायकी के क्षेत्र में वह मुंबई तक सफर जरूर तय करेंगे।

Untitled design (22)

बिलाल के लिए गायकी पेशा नहीं, बल्कि एक शौक है। पेशे के तौर पर वह राजमिस्त्री का कार्य करते हैं। इस काम के दौरान वह सप्ताह में एक बार गायन के अभ्यास के लिए समय जरूर निकाल लेते हैं। बरेली के बिहार कला कालोनी के रहने वाले 32 वर्षीय बिलाल ने आर्थिक तंगी के कारण हाईस्कूल तक की शिक्षा ग्रहण की और इसके बाद वह अपने पिता के साथ राजमिस्त्री का कार्य करने लगे थे। 23 साल की उम्र के दौरान वह मजदूरी करने पिथौरागढ़ गए थे। इसी दौरान यहां के एक प्रसिद्ध मंदिर पर मेले व संगीत कार्यक्रम के आयोजन में दोस्त के कहने पर उन्होंने अपना नाम गायन के लिए मंच पर भेज दिया, जब उन्होंने मंच पर गाना गाया, तो दोस्तों ने उनका हौसला बढ़ाया। यहीं से उन्हें गायक बनने की प्रेरणा मिली। बरेली लौटकर म्यूजिक डायरेक्टर जयसीन मंडल से मिलकर अपना गाना रिकार्ड कराया। रिस्पांस अच्छा रहा, पर एलबम बनाने के लिए कोई म्यूजिक कंपनी तैयार न थी। ऐसे में उन्होंने फेसबुक के जरिए बनाए गए दोस्त मुंबई के वीडियो डायरेक्टर जिमी खान से संपर्क साधा। जिमी खान गाने का वीडियो बनाने के लिए तैयार हो गए। उन्होंने बिलाल को मुंबई भी बुलाया, पर आर्थिक तंगी के कारण वह वहां जा नहीं सके। पर सफलता की सीढ़ी पर चढ़ते गए और बरेली में ही म्यूजिक कंपनियों से मिलकर एलबम बनवाने लगे। 

अब तक मिल चुके हैं सौ से ज्यादा अवार्ड 

बरेली की सोनू टैक कंपनी के साथ काम किया। बाद में डीके म्युजिक, अलफास सिद्दीकी की कंपनी, आरएवी मुंबई, वेब म्युजिक आदि के साथ काम करते रहे। अभी हाल ही मुंबई में सिंगर उदित नारायण की कंपनी ने बिलाल को ‘हिन्दुस्तान रत्न’ व मुंबई की अरबाज खान की म्यूजिक कंपनी से ‘बेस्ट सिंगर’ अवार्ड से सम्मानित किया है। अब तक इन्हें सौ से ज्यादा अवार्ड मिल चुके हैं।

फूहड़ गाने नहीं, रोमांटिक गानों से मिल रही सफलता

बिलाल बताते हैं कि संगीत के बाजार में फूहड़ता भरे गानों की मांग खूब है। उन्होंने भी शुरुआती दौर में ऐसे दो गाने गाए थे, पर उन्हें सफलता नहीं मिली, तो उन्होंने रोमांटिक व दु:ख भरे गाने शुरू किए। पहला एलबम ‘कुड़ी तो कमाल लग दी’ तैयार की। नतीजा यह रहा कि युवाओं ने उनकी आवाज में गाए गाने पसंद किए। उनके ऐसे गाने खूब पसंद किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि युवाओं के बीच प्यार भरे गानों की भी मांग है, उसमें दिलों को छू जाने वाले बाेल जरूर होने चाहिए।

आने वाली फिल्मों में हैं कई गाने

बिलाल बताते हैं कि बाजार में दो नई फिल्में आने वाली हैं, जिनकी शूटिंग बरेली के साथ नैनीताल, रामपुर व दिल्ली में हुई है। इनमें एक सामाजिक फिल्म है, जिसकी थीम ‘बुरे काम का बुरा नतीजा है’। इस फिल्म में उन्होंने ‘मोटिवेशनल सांग’ के अलावा राेमांटिक, डांसिंग और आइटम सांग दिए हैं।

गायन में हैं अपार संभावनाएं

गायन क्षेत्र में करियर पर उनका कहना है कि उनके गाने पचास हजार से लेकर छह लाख रुपये तक में बिक चुके हैं। छह लाख में उनका ‘सरदारी’ सांग म्युजिक कंपनी ने लिया है। इसे मशहूर सिने अभिनेता राहुल राय पर फिल्माया गया। अब तक ‘मैदान’, ‘उड़ान’, ‘एक तस्वीर’, ‘अंजाम’ समेत 20 से ज्यादा एलबम बाजार में आ चुके हैं। आगे एक रॉक बैंड कंपनी बनाने की तैयारी चल रही है। ऐसे में गायन के क्षेत्र में युवाओं के लिए अपार संभावनाएं हैं। बस सोशल मीडिया के जरिए युवाओं और अन्य कद्रदानों तक पहुंचने की जरूरत है।

– रमेश चन्द्र, वरिष्ठ पत्रकार