PM मोदी ने CA और डॉक्टरों को दी बधाई, बोले- आर्थिक विकास और स्वास्थ्य सेवा में निभा रहे अहम भूमिका
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट डे’ और ‘नेशनल डॉक्टर डे’ के अवसर पर देश के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और डॉक्टरों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दोनों पेशेवर समुदायों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे भारत की आर्थिक प्रगति और स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के मजबूत स्तंभ हैं।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अलग-अलग पोस्ट के जरिए सीए बिरादरी की भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, पेशेवर उत्कृष्टता और वित्तीय अनुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें भारत के आर्थिक विकास में एक भरोसेमंद भागीदार बनाया है।
पीएम मोदी ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स न केवल वित्तीय प्रणाली को मजबूत करते हैं, बल्कि व्यवसायों को बढ़ावा देने, उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और निवेशकों का विश्वास बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ते हुए उनकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
‘नेशनल डॉक्टर डे’ के मौके पर प्रधानमंत्री ने डॉक्टरों को उनकी सेवा, करुणा और समर्पण के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर भारत की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रीढ़ हैं और कठिन परिस्थितियों में भी उनका योगदान अमूल्य रहा है।
पीएम मोदी ने पिछले एक दशक में भारत की स्वास्थ्य सेवाओं में हुए विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुनी से अधिक हो गई है और मेडिकल सीटों में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे देश में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में डॉक्टरों की भूमिका और भी अहम होगी, क्योंकि भारत न केवल उपचार बल्कि निवारक स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा अनुसंधान और नवाचार की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत में हर साल 1 जुलाई को ‘नेशनल डॉक्टर डे’ प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. बिधान चंद्र रॉय की स्मृति में मनाया जाता है, जो चिकित्सा क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मान देने का प्रतीक है।
डॉक्टर्स डे क्यों मनाया जाता है?
भारत में हर वर्ष 1 जुलाई को नेशनल डॉक्टर्स डे (National Doctors' Day) मनाया जाता है। यह दिन डॉक्टरों के समाज और स्वास्थ्य सेवाओं में अमूल्य योगदान को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है। इस दिन को प्रख्यात चिकित्सक और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय की जयंती और पुण्यतिथि की स्मृति में मनाया जाता है। उनका जन्म और निधन, दोनों 1 जुलाई को ही हुआ था।
डॉक्टर्स डे का उद्देश्य:
- डॉक्टरों की निस्वार्थ सेवा और समर्पण का सम्मान करना।
- स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना।
- विशेष रूप से महामारी, आपदा और आपातकाल जैसी परिस्थितियों में डॉक्टरों की भूमिका को सराहना।
डॉक्टर्स डे यह संदेश भी देता है कि डॉक्टर केवल मरीजों का इलाज ही नहीं करते, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
