Pradeep Rawat Died : अभिनेता प्रदीप सिंह रावत को नम आंखों से अंतिम विदाई, कल कैंसर से हुआ था निधन 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

मशहूर अभिनेता प्रदीप रावत का अंतिम संस्कार आज किया जाएगा। उनके निधन से फिल्म जगत और प्रशंसकों में शोक की लहर है। जानिए अभिनेता के जीवन, करियर और उनके यादगार किरदारों से जुड़ी पूरी जानकारी।

मुंबई। 'सरफरोश', 'लगान' और 'गजनी' जैसी लोकप्रिय हिंदी फिल्मों में दमदार अभियान के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता प्रदीप रावत का अंतिम संस्कार बुधवार यानी आज शाम यहां किया जाएगा। कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद रावत का मंगलवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया था। वह 74 वर्ष के थे। 

ओशिवारा श्मशान घाट में दी मुखाग्नि 

अभिनेता प्रदीप सिंह रावत को बुधवार को मुंबई में नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। उनका अंतिम संस्कार गोरेगांव के ओशिवारा श्मशान घाट में परिवार, दोस्तों और फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ।प्रदीप सिंह रावत का मंगलवार देर शाम कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में निधन हो गया था। उनके परिवार में पत्नी कल्याणी रावत और पुत्र विक्रमादित्य हैं।

रंगमंच से बॉलीवुड तक का शानदार सफर

उत्तराखंड में जन्मे प्रदीप सिंह रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत रंगमंच से की। थिएटर में लंबे अनुभव ने उनकी दमदार संवाद अदायगी और प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस को नई पहचान दिलाई। उन्होंने छोटे पर्दे पर बी.आर. चोपड़ा के लोकप्रिय धारावाहिक 'महाभारत' में अश्वत्थामा की भूमिका निभाकर घर-घर पहचान बनाई। इसके बाद उन्होंने हिंदी के साथ-साथ तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में भी अपनी अभिनय प्रतिभा का लोहा मनवाया।

'गजनी' के खलनायक के रूप में मिली खास पहचान

हिंदी फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने दक्षिण भारतीय सिनेमा और टेलीविजन धारावाहिकों से भी पहचान बनायी। रावत के मित्र और अभिनेता दया शंकर पांडेय ने  कहा, ''दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग में उनकी पहचान अमरीश पुरी जैसी थी। उन्होंने 400 से अधिक फिल्मों में काम किया था। प्रदीप का व्यक्तित्व बेहद प्रभावशाली था।'' 

फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर प्रदीप रावत के अंतिम संस्कार की जानकारी दी और उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, ''हमारे प्रिय मित्र, शानदार अभिनेता और बेहतरीन इंसान प्रदीप रावत के कैंसर के कारण निधन की खबर से बेहद दुखी और स्तब्ध हूं। यह फिल्म उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके परिवार और करीबियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।'' 

उन्होंने कहा, ''आज शाम चार बजे तक उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए गोरेगांव पश्चिम स्थित बी-विंग, पी-3, इम्पीरियल हाइट्स में रखा जाएगा। इसके बाद शाम चार बजे उनका पार्थिव शरीर जोगेश्वरी पश्चिम में एस.वी. रोड स्थित ओशिवारा पुल के पास अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जाएगा।'' 

प्रदीप रावत को पहली बड़ी पहचान धारावाहिक 'महाभारत' में अश्वत्थामा की भूमिका निभाकर मिली। इसके बाद उन्होंने 'तहकीकात', 'चंद्रकांता' और 'युग' जैसे लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों में भी अभिनय किया। उनकी प्रमुख हिंदी फिल्मों में 'अग्निपथ', 'मेरी जंग', 'सरफरोश', 'द हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई' और 'छावा' शामिल हैं। 

दक्षिण भारतीय सिनेमा में प्रदीप रावत को विशेष रूप से खलनायक की भूमिकाओं के लिए सराहा गया। 'साई', 'मंगला' और 'नायक' जैसी फिल्मों में खलनायक के रूप में उनके किरदारों को काफी प्रशंसा मिली। उन्होंने सूर्या अभिनीत तमिल फिल्म 'गजनी' में भी खलनायक की भूमिका निभायी और बाद में आमिर खान अभिनीत इसके हिंदी रीमेक 'गजनी' में भी यही किरदार निभाया। 

फिल्म जगत ने दी श्रद्धांजलि

प्रदीप सिंह रावत के निधन की खबर से फिल्म उद्योग में शोक की लहर दौड़ गई। कई कलाकारों और फिल्मी हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय सिनेमा में उनके योगदान और अभिनय के प्रति उनके समर्पण को याद किया।

ये भी पढ़े : 
'मेरा काम अभी पूरा नहीं हुआ...' lifetime achievement award ठुकराने वाले नसीरुद्दीन शाह का बाराबंकी से है खास रिश्ता