नेपाल त्रासदी के बीच चीन में जोरदार भूकंप: भारत में भी कांप उठी धरती
नई दिल्ली,अमृत विचार : नेपाल में आई भीषण त्रासदी के बीच शुक्रवार को पड़ोसी देश चीन में जोरदार भूकंप आया है। वहीं भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में भी धरती डोल गई। चीन के सिचुआन प्रांत में आज यानी शुक्रवार को रिक्टर स्केल पर 5.1 तीव्रता का जोरदार भूकंप महसूस किया गया। नेपाल सीमा से सटे होने के कारण इस भूकंप के झटकों ने सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को बुरी तरह डरा दिया।
वहीं दूसरी ओर, भारत के मणिपुर में भी आज भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.6 मापी गई है। गनीमत यह रही कि दोनों ही जगहों से फिलहाल किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान या बड़ी तबाही की कोई खबर सामने नहीं आई है।
आपदा प्रबंधन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
नेपाल बॉर्डर के पास कांपी सिचुआन की धरती
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक चीन के सिचुआन प्रांत में आए इस भूकंप का केंद्र जमीन के भीतर कम गहराई पर था, जिसके कारण झटके काफी तेज थे। जैसे ही धरती हिली, लोग घबराकर अपने घरों और दफ्तरों से बाहर खुले मैदानों की तरफ भागने लगे। नेपाल में हाल ही में मची तबाही को देखते हुए लोगों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से प्रभावित इलाकों में अलर्ट जारी किया है।
