Rampur News : भाखड़ा डैम के पानी को नियंत्रित करने में जुटा नहर विभाग, जानिए कैसे हो रही मरम्मत
पानी के बहाव को नियंत्रित करने के बाद ही सुरंग वाली जगह पता चलेगी
रामपुर के बिलासपुर स्थित भाखड़ा डैम में बनी सुरंग को पाटने के लिए बल्लियों की दीवार बनाई जा रही है। नहर विभाग मरम्मत में जुटा है।
बिलासपुर, अमृत विचार। नगर में स्थित भाखड़ा डैम के अंदर बनी सुरंग को पाटने के लिए पांचवें दिन भी बल्लियों की दीवार बनाने का काम जारी रहा। पानी के बहाव को नियंत्रित करने के बाद ही सुरंग वाली जगह पता चल सकेगा और मरम्मत की जाएगी।
रविवार को नहर विभाग द्वारा डैम के पानी के खजाने (अप स्ट्रीम) में उतारे गए मजदूरों ने लकड़ी की लंबी-लंबी बल्लियां गाड़कर और उनके बीच मिट्टी व रेत के कट्टे तथा झाड़ियां फंसाकर दीवार (बल्ली पाइलिंग) बनाने का काम किया। एसडीओ नंदलाल आर्य ने बताया कि बल्ली पाइलिंग कराकर पानी के बहाव को डैम के उत्तरी कोने की ओर मोड़ा जा रहा है। इससे सुरंग वाली जगह पर पानी का बहाव रुक जाएगा और सुरंग के निश्चित स्थान पता चल सकेगा। इसके बाद सुरंग को बंद करने का कार्य किया जाएगा। यह समस्या पिछले दिनों उत्पन्न हुई थी। किन्हीं प्राकृतिक कारणों से डैम की खलासी के पीछे सुरंग बन गई है। इससे डैम का पानी सतह के ऊपर न बहकर सुरंग के अंदर से बहते हुए खलासी से आगे जाकर फर्श तोड़कर बाहर निकल रहा है। सुरंग के कारण डैम के पानी में भंवर बन गया है। इस भंवर ने दक्षिणी कोने में बने विसर्जन घाट का कटान कर दिया है। कार्य तेजी से जारी हैं, जल्द ही समस्या का निदान करवाया जाएगा। इस दौरान जेई वीर सिंह, अजलम हुसैन, सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - Moradabad News : किसानों को मिलेगी सेल्फ प्रोपेल्ड केन हार्वेस्टर की सौगात
