सीतापुर : बेटी की ससुराल में विवाद के बाद वृद्धा की पीट-पीटकर हत्या, पति समेत 6 पर केस दर्ज
महमूदाबाद, सीतापुर, अमृत विचार : बेटी के साथ उसकी ससुराल आई मां की विवाद के बाद पीट पीटकर हत्या कर दी गयी। बढ़ते बवाल की आशंका को भांपते हुए सीओ ने मौके पर पहुंचकर स्थितियाँ संभाली। महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के अगैय्या गांव में हुई हत्या को लेकर पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ का कहना है दामाद समेत छह लोगों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के बंसीपुर गांव निवासी मोहिनी अपनी मां दुराली (50) के साथ सोमवार को अगैया गांव स्थित ससुराल में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। आरोप है कि किसी बात को लेकर दुराली की कहासुनी हो गई।
मोहिनी का आरोप है कि बढ़ते विवाद के बीच उसके पति रंगीलाल समेत अन्य लोगों ने दुराली पर हमला कर दिया। जानलेवा हमले में वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गईं। हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी भानु प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। बाद में क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि पति समेत छह लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
यह भी पढ़ें : थाने से वारंटी फरार: एसपी का बड़ा एक्शन, 4 सिपाही सस्पेंड, थानाध्यक्ष समेत 3 की विभागीय जांच शुरू
