थाने से वारंटी फरार: एसपी का बड़ा एक्शन, 4 सिपाही सस्पेंड, थानाध्यक्ष समेत 3 की विभागीय जांच शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

​ड्यूटी पर तैनात तीन होमगार्ड पर भी कार्रवाई की संस्तुति

गोंडा,अमृत विचार: थाना परसपुर परिसर में पुलिस अभिरक्षा से वारंटी के भागने के मामले में एसपी ने सख्त तेवर दिखाए हैं। कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही बरतने के आरोप में एसपी ने चार आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके अलावा थानाध्यक्ष, दिवसाधिकारी व हेड मोहर्रिर के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं, जबकि ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड्स और पीआरडी जवान पर कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा गया है।

थाना परसपुर क्षेत्र के राजाटोला निवासी आलोक सिंह पुत्र राजकुमार सिंह एक मामले में वारण्टी  था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाना परिसर में पुलिस अभिरक्षा में रखा था। रविवार, 30 अगस्त को वारंटी पुलिसकर्मियों की निगरानी को धता बताकर थाने से फरार हो गया। अभिरक्षा से अभियुक्त के भागने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने तुरंत प्रकरण का संज्ञान लिया और जांच के निर्देश दिए। जांच में सामने आया कि अभियुक्त की सुरक्षा और निगरानी में भारी लापरवाही बरती गई थी। इस पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए एसपी ने ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल अजय सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार, कांस्टेबल शुभम वर्मा और कांस्टेबल राहुल पासवान को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। चारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

​अधिकारियों की भूमिका पर भी जांच की आंच

एसपी ने मामले में थानाध्यक्ष कमला शंकर चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक विजय बहादुर यादव और हेड मोहर्रिर आशुतोष पाण्डेय की भूमिका को भी संदिग्ध व लापरवाह मानते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, घटना के वक्त ड्यूटी पर तैनात तीन होमगार्डों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए संबंधित प्राधिकारी को और एक पीआरडी जवान के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला युवा कल्याण अधिकारी को पत्र भेजा गया है। एसपी की इस कड़ी कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप का माहौल है।

संबंधित समाचार