Bareilly News : दो लाख की पोशाक पहनकर बांके बिहारी ने दिए दर्शन, जरी-जरदोजी और नगों से सजा है हर धागा

Amrit Vichar Network
Edited By Anuj Sharma
On

महाभिषेक के बाद विशेष श्रृंगार, दिल्ली के एक दर्जन कारीगरों ने ढाई माह में तैयार की है विशेष पोशाक

पोशाक के साथ ठाकुरजी के लिए विशेष मुकुट, मोरपंख, बांसुरी और अन्य श्रृंगार सामग्री भी तैयार कराई गई है। यानी जन्माष्टमी की रात जब ठाकुरजी का पट खुलेगा तो भक्तों को केवल कृष्ण जन्म के दर्शन ही नहीं होंगे, बल्कि बांके बिहारी का एक बेहद मनमोहक और अलौकिक श्रृंगार भी देखने को मिलेगा।

सुचित्रा सिंह, बरेली। आधी रात का इंतजार है। घड़ियां जैसे-जैसे 12 बजे की ओर बढ़ेंगी, वैसे-वैसे मंदिरों में कृष्ण जन्मोत्सव का उल्लास चरम पर पहुंचेगा। बरेली के प्रमुख बांके बिहारी मंदिर में इस बार ठाकुरजी का श्रृंगार भी खास होने जा रहा है। जन्माष्टमी पर ठाकुर बांके बिहारी जी करीब दो लाख रुपये की विशेष पोशाक पहनेंगे। जरी, जरदोजी और नगों से सजी यह पोशाक भक्तों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

ठाकुरजी की इस खास पोशाक को तैयार करने में करीब ढाई महीने का समय लगा है। बांके बिहारी मंदिर के पुजारी पंडित आकाश शर्मा के अनुसार, पोशाक दिल्ली के कारीगरों से विशेष तौर पर तैयार कराई गई है। जरी के कपड़े पर बेहद बारीकी से जरदोजी का काम किया गया है। इसमें लगाए गए नग और अन्य सजावटी सामग्री पोशाक की खूबसूरती को और बढ़ा रहे हैं।

एक दर्जन कारीगरों ने दिन-रात की मेहनत
इस पोशाक को तैयार करने में करीब एक दर्जन कारीगर जुटे रहे। कपड़े की डिजाइन से लेकर जरी-जरदोजी और नगों को लगाने तक हर काम को बेहद बारीकी से किया गया है। पोशाक के साथ ठाकुरजी के लिए विशेष मुकुट, मोरपंख, बांसुरी और अन्य श्रृंगार सामग्री भी तैयार कराई गई है। यानी जन्माष्टमी की रात जब ठाकुरजी का पट खुलेगा तो भक्तों को केवल कृष्ण जन्म के दर्शन ही नहीं होंगे, बल्कि बांके बिहारी का एक बेहद मनमोहक और अलौकिक श्रृंगार भी देखने को मिलेगा।

पंचामृत से होगा महाभिषेक, फिर होगा विशेष श्रृंगार
जन्माष्टमी की रात ठाकुरजी का पंचामृत से महाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद विशेष पोशाक और श्रृंगार धारण कराकर भक्तों को दर्शन कराए जाएंगे। मंदिर में जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह है। बरेली के बांके बिहारी मंदिर के साथ हरि मंदिर, रामायण मंदिर और इस्कॉन मंदिर में भी जन्माष्टमी पर ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। मंदिरों में भक्ति और उल्लास का माहौल है। 

इस्कॉन मंदिर में और हरि मंदिर में भी पहनेंगे मंहगी पोशाक 
इस्कॉन मंदिर के पुजारी सौरभ शर्मा ने बताया कि ठाकुर जी की पोशाक और मुकुट भक्तों ने हाथों से ही तैयार किया है। जिसमें एक सप्ताह से ज्यादा का समय लगा है। लगभग 15 से 20 हजार की रत्नजडित पोशाक ठाकुर जी को पहनाई गई है। इसके अलावा हरि मंदिर प्रबंध समिति के रवि छावड़ा ने बताया कि उन्होंने बिहारी जी की पोशाक खास वृंदावन से मंगाई है। इस विशेष पोशाक का आर्डर एक महीने पहले ही दे दिया गया था। जिसकी कीमत लगभग दो लाख रूपए है।

ये भी पढ़ें - Bareilly News : केशलता इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनी जन्माष्टमी, राधा-कृष्ण बने नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मोहा मन

संबंधित समाचार