ब्रिटेन से कोरोना का नया स्ट्रेन लेकर लौटे चार लोग, पृथकवास में भेजे गए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अहमदाबाद। ब्रिटेन से गुजरात लौटे चार लोगों के कोरोना वायरस के नए प्रकार (स्ट्रेन) से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग की एक शीर्ष अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि ब्रिटेन से अहमदाबाद आए 15 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई …

अहमदाबाद। ब्रिटेन से गुजरात लौटे चार लोगों के कोरोना वायरस के नए प्रकार (स्ट्रेन) से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग की एक शीर्ष अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि ब्रिटेन से अहमदाबाद आए 15 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी और उनमें नए स्ट्रेन से संक्रमण की पुष्टि करने के लिए उनके नमूने पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) भेजे गए हैं, हालांकि जांच के नतीजे अभी लंबित हैं।

प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) जयंती रवि ने संवाददाताओं को बताया, ”ब्रिटेन से अहमदाबाद आने वाले सभी लोगों की स्क्रीनिंग की गयी और जिनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, उनके नमूने एनआईवी भेजे गये हैं। हमें सूचना मिली है कि चार नमूनों में ब्रिटेन में पाए गये कोरोना वायरस के नए प्रकार के संक्रमण की पुष्टि हुई है।” उन्होंने बताया कि चारों मरीजों को केंद्र के दिशानिर्देश के अनुरूप अहमदाबाद के एसवीपी अस्पताल के पृथकवास में भेजा जा चुका है।

जयंती ने बताया, ”संक्रमित मिले यात्रियों के संपर्क का पता लगाने के दौरान उनके आगे और पीछे की तीन-तीन कतारों में बैठे यात्रियों की पहचान की गई है और उन्हें एकांतवास में भेजा गया है और निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य टीम इन यात्रियों के संपर्क में आए लोगों की भी नियमित स्क्रीनिंग कर रही है।” एक सवाल के जवाब में जयंती ने बताया कि कोरोना वायरस के नए प्रकार से संक्रमित मरीजों के इलाज के नियम भी अन्य संक्रमितों की तरह ही हैं।

प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) ने बताया, ”ब्रिटेन से आने वाले यात्रियों को पृथकवास में रखा गया है और एक हफ्ते के अंतराल के बाद उनकी आरटी-पीसीआर पद्धति से जांच की जा रही है।” उल्लेखनीय है कि राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने पिछले हफ्ते कहा था कि 25 नवंबर से 23 दिसंबर के बीच ब्रिटेन और अन्य यूरोपीय देशों से गुजरात आए 1,720 यात्रियों में 12 यात्री कोरोना वायरस से संक्रमति मिले हैं।

संबंधित समाचार