हल्द्वानी: नये साल में प्रदेश के कॉलेजों को मिलेंगे प्राचार्य
अमृत विचार, हल्द्वानी। नया साल प्रदेश के पीजी और डिग्री कॉलेजों के लिए अच्छी खबर लाया है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश में कॉलेजों में प्राचार्यों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए रुपरेखा तैयार कर ली है। जनवरी के अंत तक प्रदेश के सभी कॉलेजों के रिक्त पदों पर प्राचार्यों की नियुक्ति कर दी …
अमृत विचार, हल्द्वानी। नया साल प्रदेश के पीजी और डिग्री कॉलेजों के लिए अच्छी खबर लाया है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश में कॉलेजों में प्राचार्यों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए रुपरेखा तैयार कर ली है। जनवरी के अंत तक प्रदेश के सभी कॉलेजों के रिक्त पदों पर प्राचार्यों की नियुक्ति कर दी जाएगी।
उच्च शिक्षा निदेशालय के अनुसार प्रदेश में 106 पीजी एवं डिग्री कॉलेज हैं। इनमें 95 कॉलेजों में प्राचार्यों की तैनाती कर दी गई है लेकिन अभी तक 11 कॉलेज ऐसे भी हैं जहां प्राचार्य के पद रिक्त हैं। इधर नए साल पर उच्च शिक्षा निदेशालय ने रिक्त पदों पर तैनाती करने की तैयारी कर ली है।
रिक्त पदों पर तैनाती के लिए सेलेक्शन कमेटी ने प्राचार्यों की लिस्ट तैयार कर ली है। जनवरी के अंत तक लिस्ट जारी कर दी जाएगी। इसके बाद सभी कॉलेजों में प्राचार्यों की तैनाती हो जाएगी।
उच्च शिक्षा उप निदेशक डॉ. एनएस बनकोटी ने बताया कि सभी कॉलेजों में प्राचार्यों की नियुक्ति की लिस्ट तैयार कर ली गई हैं। जनवरी माह के अंत तक प्राचार्यों की नियुक्ति दे दी जाएगी। उन्होंने बताया कि कॉलेजों में प्राचार्य की तैनाती से शिक्षा की गुणवत्ता में तो इजाफा होगा ही साथ ही कॉलेज की व्यवस्थाओं में भी सुधार होगा।
