हल्द्वानी: सिसोदिया ने देहरादून में सजाई फिल्डिंग, निशाने पर कौशिक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। दिल्ली सरकार के उप मुख्यमंत्री सीएम मनीष सिसोदिया ने उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक को घेरने के लिए देहरादून में फिल्डिंग सजा दी है। उन्होंने कौशिक को पत्र लिखकर 4 जनवरी को आईआरडीटी ऑडिटोरियम में ‘केजरीवाल मॉडल बनाम त्रिवेंद्र रावत मॉडल’ विषय पर खुली बहस के लिए आमंत्रित कर दिया …

हल्द्वानी, अमृत विचार। दिल्ली सरकार के उप मुख्यमंत्री सीएम मनीष सिसोदिया ने उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक को घेरने के लिए देहरादून में फिल्डिंग सजा दी है। उन्होंने कौशिक को पत्र लिखकर 4 जनवरी को आईआरडीटी ऑडिटोरियम में ‘केजरीवाल मॉडल बनाम त्रिवेंद्र रावत मॉडल’ विषय पर खुली बहस के लिए आमंत्रित कर दिया है।

शनिवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता में आप के प्रदेश प्रवक्ता समित टिक्कू और प्रदेश उपाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री सिसोदिया रविवार को देहरादून पहुंच जाएंगे और सोमवार को खुली बहस का कार्यक्रम रखा गया है। वहीं 6 जनवरी को उन्होंने कौशिक को बहस के लिए दिल्ली आने का न्योता भी दिया है।

सिसोदिया ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि उत्तराखंड के लोगों के लिए इससे अच्छा कुछ और नहीं हो सकता कि वे अपने वर्तमान और भावी नेताओं को स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी आदि मुद्दों पर खुली बहस करता देंखे और उसी आधार पर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। कहा कि त्रिवेंद्र रावत सरकार ने पिछले 4 साल में उत्तराखंड के लोगों के लिए कोई उपयोगी काम नहीं किया है। लोग उनका परिचय जीरो वर्क सीएम कह कर देते हैं। इसी बात को पुख्ता करने के लिए बहस जरूरी है।

बता दें कि जब मनीष सिसोदिया अभी हाल ही में हल्द्वानी आए थे और कैंची धाम में बाबा नीम करौरी आश्रम गए थे। वहां से लौटते वक्त उन्होंने हल्द्वानी में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था कि उत्तराखंड के सीएम केवल पांच विकास कार्य गिनाएं। इस बात पर शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने पलटवार करते हुए बयान दिया था कि वे सीएम त्रिवेंद्र रावत द्वारा सौ विकास कार्य गिनवा सकते हैं। इसे देखते हुए सिसोदिया ने कौशिक को पत्र लिख बहस के लिए आमंत्रित किया है।

उधर सिसोदिया के पत्र के जवाब में फिलहाल कौशिक ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। इस पर सिसोदिया ने कहा है कि वह सोमवार को देहरादून में रहेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई है कि कौशिक निमंत्रण स्वीकार करेंगे और वो सोमवार को देहरादून और इसके बाद 6 जनवरी को दिल्ली में खुली चर्चा के लिए समय अवश्य निकालेंगे।

अब दूध का दूध और पानी का पानी होगा: टिक्कू
आप के प्रदेश प्रवक्ता समित टिक्कू का कहना है कि मोदी और उनकी सरकार के मंत्री केवल कोरी भाषणबाजी और बयानों के बम फोड़ते हैं। अब दूध का दूध और पानी का पानी होगा। हम आंकड़ों और तथ्यों के साथ बात को सामने रखेंगे। बयानों के बाण छोड़ने के बजाय केंद्र और राज्य सरकार को बहस स्वीकार करनी चाहिए। कहा कि कौशिक अगर इस बहस को स्वीकार करते हैं तो जनता का उनकी बातों पर विश्वास पैदा होगा और नहीं करते तो इसका मतलब यही है कि यह बयान भी केवल हवा-हवाई ही था।

कौशिक बहस में हिस्सा लेंगे या नहीं इस बात की राजनीति गलियारों में चर्चा
उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का सामना करेंगे या नहीं इस बात पर कांग्रेस, भाजपा व अन्य पार्टियों के नेता टकटकी लगाए हुए हैं। जनता में भी उत्साह नजर आ रहा है कि इस बार वन टू वन होने पर कई चीजों को स्पष्ट रुप से जानने को मिलेगा। कोई इसे सिसोदिया का स्टंट बता रहा है तो किसी को यकीन है कि कौशिक चुप्पी साध लेंगे। क्योंकि हाईकमान नहीं चाहेगा कि किसी भी तरह का कोई विवाद हो। उधर युवाओं का मानना है कि कौशिक अपने तल्ख तेवरों के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में बहस काफी रोमांचित करने वाली हो सकती है।

संबंधित समाचार