मुरादनगर हादसा: आरोपियों के खिलाफ रासुका लगाने के निर्देश, मुआवजा 10 लाख रूपए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद के मुरादनगर हादसा मामले में इस हादसे के अभियुक्तों के विरुद्ध एनएसए (रासुका) के तहत भी कार्रवाई किये जाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा प्रत्येक मृतक के आश्रितों को 10 लाख रुपये की आर्थिक और आवासहीन प्रत्येक प्रभावित परिवार को एक आवास उपलब्ध कराए जाने की …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद के मुरादनगर हादसा मामले में इस हादसे के अभियुक्तों के विरुद्ध एनएसए (रासुका) के तहत भी कार्रवाई किये जाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा प्रत्येक मृतक के आश्रितों को 10 लाख रुपये की आर्थिक और आवासहीन प्रत्येक प्रभावित परिवार को एक आवास उपलब्ध कराए जाने की भी घोषणा की है। वहीं निर्माण कार्य से सरकारी धन को हुए नुकसान की भरपाई संबंधित ठेकेदार तथा अभियंताओं से करने और ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए हैं।

रविवार को हुए हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई थी तथा कई अन्य घायल हो गये थे। हादसे के बाद ईओ निहारिका चौहान, ठेकेदार अजय त्यागी, जेई चंद्रपाल व सुपरवाइजर आशीष समेत अन्य के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की धाराओं के तहत रविवार रात में ही मामला दर्ज किया गया था। ये सभी इमारत निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया में शामिल थे। उन्हें 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस बीच फरार ठेकेदार को उत्तर प्रदेश के मेरठ और मुजफ्फरनगर जिलों की सीमा से लगे एक गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) इराज राजा ने बताया कि इससे पहले पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर छापा मारा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने उसकी गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वालों को 25,000 रुपये के इनाम की घोषणा की थी।पुलिस ने बताया कि त्यागी के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

श्मशान घाट में जिस गलियारे की छत ढही है, उसकी मरम्मत और निर्माण के लिए करीब तीन महीना पहले त्यागी को 55 लाख रुपये का ठेका मिला था और 15 दिन पहले इसे आम लोगों के लिए खोल दिया गया था। इससे पहले इस गलियारे को बनाने में करीब 55 करोड़ रुपये की लागत की खबर आयी थी। एसपी ने कहा कि जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि निर्माण में किस-किस सामग्री का कितना इस्तेमाल किया गया था। जांच के बाद भ्रष्टाचार के आरोप जोड़े जाएंगे।

गौरतलब है कि रविवार को तेज बारिश के बीच मुरादनगर में बंबामार्ग पर स्थित श्मशान घाट परिसर की छत और दीवार गिर गयी। घटना के समय श्मशान घाट पर अंत्येष्टि हो रही थी और इस दौरान वहां एकत्र 40 से अधिक लोग मलबे में दब गये। हादसे में 25 लोगों की मौत हो गयी जबकि कई अन्य घायल हो गये।

योगी ने जर्जर सरकारी भवन और स्कूल तुरंत ठीक करने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सभी मण्डलायुक्तों तथा जिलाधिकारियों को सरकारी भवनों की स्थिति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए तथा कहा कि यदि विद्यालय अथवा अस्पताल का संचालन जर्जर भवन में मिले, तो तत्काल इनका संचालन अन्यत्र करते हुए जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। यदि ठीक होने की स्थिति हो तो तुरंत मरम्मत की जाये। मुख्यमंत्री आज यहां बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकारी तथा निजी क्षेत्र में संचालित सभी बेसिक एवं माध्यमिक स्तर के विद्यालयों तथा डिग्री कॉलेजों आदि के भवनों का गहन निरीक्षण किया जाए। इसी प्रकार सभी सार्वजनिक भवनों का भी निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी कॉलोनियों के भवनों का निरीक्षण कर यह देखा जाए कि यह दुरुस्त अवस्था में हैं अथवा नहीं।

संबंधित समाचार