लखनऊ: किसान कल्याण मिशन के तहत ब्लाक स्तरीय किसान मेला आयोजित
लखनऊ, अमृत विचार। बीकेटी के साढ़ामऊ में स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार कार्यालय प्रांगण में बुधवार को किसान कल्याण मिशन के अंतर्गत किसान मेला, किसान गोष्ठी एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस एक दिवसीय कृषि मेले में कृषि संबंधी जानकारी के साथ विकासखंड के अंतर्गत लाभार्थी कृषकों को फसल प्रदर्शन, बीज मिनी किट उपलब्ध …
लखनऊ, अमृत विचार। बीकेटी के साढ़ामऊ में स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार कार्यालय प्रांगण में बुधवार को किसान कल्याण मिशन के अंतर्गत किसान मेला, किसान गोष्ठी एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
इस एक दिवसीय कृषि मेले में कृषि संबंधी जानकारी के साथ विकासखंड के अंतर्गत लाभार्थी कृषकों को फसल प्रदर्शन, बीज मिनी किट उपलब्ध कराए गए, मेले में किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए तकनीकी बिंदुओं पर चर्चा हुई।
548 किसानों ने मेले में भाग लिया। किसान कल्याण मिशन मेले में क्षेत्रीय विधायक अविनाश त्रिवेदी ने सरकार की बहुआयामी योजनाओं के बारे में किसानों को बताया। खंड विकास अधिकारी पूजा सिंह ने बताया कि स्वयं सहायता समूह के द्वार कृषि उत्पाद के साथ रोजमर्रा की सामग्री बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
इसी क्रम में राज्य ग्राम विकास संस्थान के सहायक निदेशक डॉ शुभकरन सिंह ने किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की जानकारी दी। स्वयं सहायता समूह को सुचारू रूप से कार्य करने की सलाह के साथ ही सिंह ने सब्जियों, दलहन एवं तिलहन पर लगने वाले कीट एवं बीमारियों के प्रबंधन करने की तकनीक बताई और अंधाधुंध हो रहे रसायनों का प्रयोग कम करने की सलाह दी।
क्षेत्रीय मत्स्य निरीक्षक एनके दुबे ने बताया कि खेती किसानी के साथ मत्स्य पालन करने से किसानों की आय बढ़ेगी। सहायक विकास अधिकारी कृषि लालता प्रसाद ने किसानों को लाभकारी योजनाओं के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई। किसान मेले में क्षेत्र की कई सामाजिक संस्थाओं के साथ-साथ सिंचाई विभाग, उद्यान विभाग,कृषि विभाग एवं पशुपालन विभाग के स्टाल लगाए गए थे। इस अवसर पर प्रमोद कुमार प्रभारी बीज भंडार बख्शी का तालाब, तकनीकी सहायक राणा प्रताप सिंह,कम्प्यूटर ऑपरेटर कुश बाजपेयी सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
