हल्द्वानी: डीएम ने सस्ता गल्ला विक्रेताओं के खाद्यान्न ढुलान का भाड़ा बढ़ाया
हल्द्वानी,अमृत विचार । जिला प्रशासन ने तकरीबन पांच साल बाद सस्ता गल्ला विक्रेताओं को नया साल का तोहफा दिया है। प्रशासन ने गोदाम से खाद्यान्न उठान के भाड़े में 30 से 40 प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी की है। नैनीताल डीएम सविन बंसल ने साल 2015 में स्वीकृत खाद्यान्न उठान दरों के पुनरीक्षण के लिए समिति …
हल्द्वानी,अमृत विचार । जिला प्रशासन ने तकरीबन पांच साल बाद सस्ता गल्ला विक्रेताओं को नया साल का तोहफा दिया है। प्रशासन ने गोदाम से खाद्यान्न उठान के भाड़े में 30 से 40 प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी की है।
नैनीताल डीएम सविन बंसल ने साल 2015 में स्वीकृत खाद्यान्न उठान दरों के पुनरीक्षण के लिए समिति का गठन किया था। समिति के प्रस्ताव एवं संस्तुति पर राजकीय खाद्यान गोदाम से सस्ता गल्ला विक्रेताओं की दुकानों तक माल पहुंचाने में होने वाले भाड़े में वृद्धि की गई है। इसमें पर्वतीय व मैदानी क्षेत्रों के परिवहन, पैदल, खच्चर ढुलान सभी किस्म के व्यय में बढ़ोत्तरी की गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन ने बताया कि मार्च 2015 से सस्ता गल्ला विक्रेताओं के खाद्यान ढुलान दरें पुनरीक्षित नहीं हुई थी । सस्ता गल्ला विक्रेता लंबे समय से खाद्यान ढुलान भाड़ा बढ़ाने की मांग भी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि डीएम सविन बंसल ने सस्ता गल्ला विक्रेताओं की मांग को देखते हुए दर पुर्नरीक्षण समिति का गठन किया। समिति ने भाड़ा बढ़ाने की संस्तुति की। इस पर डीएम ने भाड़े में 30 से 40 प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी की है। सस्ता गल्ला विक्रेता एसोसिएशन ग्रामीण क्षेत्र के अध्यक्ष कृष्णा कुमार ने डीएम की इस पहल की सराहना की है। उन्होंने कहा कि पहले हर साल भाड़ा बढ़ता था लेकिन पिछले चार सालों से भाड़ा नहीं बढ़ा था। इससे विक्रेताओं को काफी राहत मिलेगी।
== पर्वतीय क्षेत्रों के लिए नई भाड़ा सूची ==
दूरी भाड़ा
गोदाम से एक किमी की दूरी तक 31 रुपये प्रति कुंतल
गोदाम से 15 किमी की दूरी तक 42 रूपये प्रति कुंतल
गोदाम से 16 किमी से अधिक की दूरी पर 2.75 प्रति कुंतल/किमी
पैदल/खच्चर मार्ग पर 65 रूपया प्रति कुंतल/किमी
== मैदानी क्षेत्रों के लिए नई भाड़ा सूची ==
गोदाम से एक किमी दूरी तक 28 रूपया प्रति कुंतल,
गोदाम से 15 किमी दूरी तक 36 रूपये प्रति कुंतल
गोदाम से 16 किमी से अधिक दूरी पर 2.30 रूपये प्रति कुंतल/किमी
