हल्द्वानी: पेरोल पर रिहा हुआ और घर में लगा दी सेंध
हल्द्वानी, अमृत विचार। डासना जेल से पेरोल पर रिहा एक आरोपी ने चीनपुर में एक घर में सेंध लगा दी। मुखानी पुलिस ने चोरी का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी ओर बनभूलपुरा पुलिस ने भी चोरी के एक केस का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुखानी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। डासना जेल से पेरोल पर रिहा एक आरोपी ने चीनपुर में एक घर में सेंध लगा दी। मुखानी पुलिस ने चोरी का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी ओर बनभूलपुरा पुलिस ने भी चोरी के एक केस का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मुखानी एसओ सुशील कुमार ने गुरुवार को चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि पांच जनवरी को चीनपुर फेज दो निवासी मनोज भट्ट के घर में सेंध लगा दी गई थी। चोर ने मोबाइल के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक प्रेस, इमरसन रॉड, चार्जेबल लालटेन पर हाथ साफ कर दिया था। घटना सामने आने के बाद पुलिस चोर का सुराग लगाने में जुटी थी।
बुधवार को कठघरिया चौक से बरेली के फतेहगंज निवासी आरोपी अर्जुन मौर्य को चोरी के सामान समेत पकड़ लिया गया। बताया कि आरोपी डासना जेल से पेरोल पर रिहा हुआ है। गाजियाबाद जीआरपी में उसके खिलाफ दर्ज दो केसों में जेल जा चुका है।
दूसरी ओर बनभूलपुरा पुलिस ने भी 45 हजार के मोबाइल चोरी के केस में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसओ मोहम्मद युनूस ने बताया कि 31 दिसबंर की रात जवाहर निवासी किशन देवी और पड़ोसी कमलेश सिंह के घर से चार मोबाइल फोन चुरा लिए गए थे। इस केस में पुलिस ने स्थानीय निवासी रोहित कुमार और अभिषेक को रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मोबाइल बेचने की फिराक में थे। आरोपियों को कोर्ट पेश् कर जेल भेज दिया गया है।
