हल्द्वानी: एमबीपीजी कालेज में घंटे भर का बवाल, हंगामा
हल्द्वानी,अमृत विचार। एमबीपीजी कालेज में अराजकता चरम पर है। बीते डेढ़ माह में छठी बार शुक्रवार को कालेज प्रबंधन और छात्र एक-दूसरे के सामने आ गये। इस दौरान एबीवीपी के जिला संयोजक समेत छात्रों ने जमकर हंगामा काटा और नारेबाजी की। इस दौरान मौके पर पुलिस को बुला लिया गया। वहीं, बाद में प्राचार्य डॉ. …
हल्द्वानी,अमृत विचार। एमबीपीजी कालेज में अराजकता चरम पर है। बीते डेढ़ माह में छठी बार शुक्रवार को कालेज प्रबंधन और छात्र एक-दूसरे के सामने आ गये। इस दौरान एबीवीपी के जिला संयोजक समेत छात्रों ने जमकर हंगामा काटा और नारेबाजी की। इस दौरान मौके पर पुलिस को बुला लिया गया। वहीं, बाद में प्राचार्य डॉ. पंत ने प्रवेश को लेकर तीन कमेटी गठित की है।
शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से एबीवीपी के जिला संयोजक देवेंद्र सिंह बिष्ट और मोहित पहुंच गये थे। इसके बाद अन्य छात्रों के आने का इंतजार किया जा रहा था। साढ़े 12 बजे तक सभी लोग एकत्र हुए और प्राचार्य के कक्ष पहुंच गये। इस दौरान प्रवेश प्रभारी डॉ. सिद्ध को हटाने की मांग की गयी। इस पर प्राचार्य डॉ. बीआर पंत और चीफ प्रॉक्टर डॉ. विनय विद्यालंकार ने एबीवीपी के जिला संयोजक समेत छात्रों को समझाने का प्रयास किया। कालेज प्रबंधन की ओर से बात नहीं मानता देख छात्र गुस्सा गये और बाहर आने के बाद रसायन विभाग के दरवाजे का शीशा तोड़ दिया।
यह देख कालेज प्रबंधन की ओर से पुलिस को मौके पर बुला लिया गया। इसके बाद छात्रों ने प्राचार्य कक्ष के बाहर बैठकर प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कालेज में करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। इस दौरान सभी छात्र-छात्राओं को घर जाने की बात कहते हुए कालेज से निकाला गया। आखिरकार प्रबंधन की ओर से कालेज बंद करा दिया गया। प्राचार्य डॉ. बीआर पंत ने बताया कि प्रवेश को विज्ञान, कला और वाणिज्य वर्ग की तीन कमेटियां गठित की है। अब प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं को सीधे तौर पर कमेटी से संपर्क करना होगा।
