हल्द्वानी: पत्नी के वियोग में फंदे पर लटका युवक
हल्द्वानी,अमृत विचार। पत्नी के वियोग में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से कोई सुइसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक पत्नी के मायके से वापस न लौटने के कारण तनावग्रस्त था। हालांकि इस केस में ठोस नतीजे पर पहुंचने के लिए पुलिस पत्नी के सामने …
हल्द्वानी,अमृत विचार। पत्नी के वियोग में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से कोई सुइसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक पत्नी के मायके से वापस न लौटने के कारण तनावग्रस्त था। हालांकि इस केस में ठोस नतीजे पर पहुंचने के लिए पुलिस पत्नी के सामने आने का इंतजार कर रही है।
शुक्रवार को उप्र के बरेली के मूल और हाल जीतपुर नेगी निवासी अखिलेश (25) पुत्र कन्हैया लाल घर पर बल्ली के सहारे पत्नी के दुपट्टे से लटका मिला। घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था। पिता कन्हैया लाल देवलचौड़ में खाने का ठेला लगाने गए थे। जबकि मां और बहिन घर से बाहर थे। दोनों वापस लौटे तो घटना का पता चला। सूचना पर पहुंची टीपीनगर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। साथ ही परिजनों से जानकारी जुटाई।
पता चला कि मृतक की पत्नी अपने दो बच्चों के साथ मायके गई थी। उसे वापस लेने के लिए अखिलेश अपनी ससुराल गया था। लेकिन पत्नी वापस नहीं लौटी। ससुराल से वापस लौटने के बाद से ही वह गुमशुम था। इसके चलते पुलिस का मानना है कि पत्नी के वियोग से आहत होकर उसने आत्महत्या कर ली। हालांकि ठोस नतीजे पर पहुंचने के लिए मृतक की पत्नी के बयान का इंतजार किया जा रहा है।
