बरेली: प्रदेश में न फैले बर्ड फ्लू, इसलिए अप्रवासी पक्षियों को किया जाएगा ‘ट्रैप’

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। कोरोना संक्रमण के बीच अब देश में बर्ड फ्लू का खौफ बढ़ गया है। कई राज्यों में बर्ड फ्लू से पक्षियों की मौतें भी हो गई हैं। यह बीमारी प्रदेश में न फैल जाए इसलिए शासन ने वन विभाग के लिए अर्लट जारी किया है। अप्रवासी पक्षियों को ट्रैप कर उनके सीरम …

अमृत विचार, बरेली। कोरोना संक्रमण के बीच अब देश में बर्ड फ्लू का खौफ बढ़ गया है। कई राज्यों में बर्ड फ्लू से पक्षियों की मौतें भी हो गई हैं। यह बीमारी प्रदेश में न फैल जाए इसलिए शासन ने वन विभाग के लिए अर्लट जारी किया है। अप्रवासी पक्षियों को ट्रैप कर उनके सीरम के लिए जांच को भेजने के आदेश जारी किए है। बरेली मंडल में अप्रवासी पक्षियों के आने की कुछ ही महत्वपूर्ण जगह है। सबसे ज्यादा अप्रवासी पक्षी पीलीभीत में आते है। वहीं, रामगंगा किनारे भी इन्हें देखा जा सकता है।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य जीव) सुनील पांडेय ने आदेश जारी कर कहा है कि बर्ड फ्लू का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। कई प्रदेशों में इससे पक्षियों की मौत भी हो गई है। सतर्कता बरतते हुए अपने क्षेत्रों में ऐसी सभी वाटर बॉडीज (झीलें, पोखर, तालाब आदि) को चिहिंत किया जाए जहां अप्रवासी और प्रवासी पक्षियों का आवागामन होता है।

इसके बाद वहां पर कड़ी निगरानी भी रखी जाए। साथ ही पक्षी विहारों में आने वाले सभी पक्षियों को ट्रैप कर उनके सीरम को भोपाल भेजा जाए। रिपोर्ट आने तक उनके लिए स्वच्छ खाने का इंतजाम किया जाए। सुनील पांडेय ने कहा है कि अप्रवासी और प्रवासी पक्षियों के आवागमन और मृत्यु दर का भी आंकड़ा इक्ट्ठा कर शासन को उपलब्ध कराया जाए।

इस पर मुख्य वन संरक्षक ललित कुमार वर्मा ने बताया कि सभी के लिए यह आदेश जारी कर दिए गए है। रेंजरों को वाटर बॉडीज पर कड़ी निगरानी के आदेश दिए हैं। अभी तक यहां पर कोई भी मृत पक्षी नहीं मिला है।

संबंधित समाचार