हल्द्वानी: रेलवे ने अतिक्रमण भूमि पर चस्पा किए 1581 नोटिस
हल्द्वानी,अमृत विचार। रेलवे की भूमि पर वर्षों से हुए अतिक्रमण हटाने को लेकर रेलवे विभाग ने नोटिस चस्पा करना शुरू कर दिए हैं। रेलवे ने गफूर बस्ती, किदवई नगर समेत एक दर्जन बस्तियों में 1581 नोटिस चस्पा किए हैं। नोटिस में अतिक्रमणकारियों को 15 दिनों के भीतर कब्जा हटाने के आदेश दिए गए है। जगह …
हल्द्वानी,अमृत विचार। रेलवे की भूमि पर वर्षों से हुए अतिक्रमण हटाने को लेकर रेलवे विभाग ने नोटिस चस्पा करना शुरू कर दिए हैं। रेलवे ने गफूर बस्ती, किदवई नगर समेत एक दर्जन बस्तियों में 1581 नोटिस चस्पा किए हैं। नोटिस में अतिक्रमणकारियों को 15 दिनों के भीतर कब्जा हटाने के आदेश दिए गए है। जगह खाली नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
रेलवे की टीम ने शनिवार की दोपहर 12 बजे हल्द्वानी रेलवे स्टेशन के समीप पहुंची। टीम ने ढोलक बस्ती, गफूर, किदवई नगर, वार्ड 15, 22 और 24 में रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जों पर नोटिस चस्पा करना शुरू किए। यह नोटिस राज्य संपदा अधिकारी पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से लगाए गए हैं। नोटिस में लोक परिसर अधिनियम 1971 की धारा 5 (1) के अंतर्गत कब्जाधारकों को अवैध कब्जा खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। चेतावनी दी है कि यदि नोटिस चस्पा के 15 दिनों के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाती है तो उनको जबरन बेदखल किया जा सकता है। रेलवे और पुलिस बल के साथ पहुंचे अधिकारियों की निगरानी में बस्तियों में 34नोटिस बोर्ड लगाए गए। इस दौरान 1581 नोटिस चस्पा किए गए। नोटिस चस्पा करने के दौरान स्थानीय लोगों की रेलवे टीम से नोंकझोंक भी हुई। हालांकि इस दौरान भारी संख्या में आरपीएफ और पुलिस फोर्स मौजूद थी।
