अमेठी: डीएम ने किया मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ, निशुल्क इलाज की सुविधा
अमेठी। डीएम अरुण कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ अंकुर लाठर ने न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जायस में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का शुभारम्भ फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अपने सम्बोधन में कहा कि रविवार को सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवायें बंद रहती हैं। केवल इमरजेंसी सेवायें ही मरीजों …
अमेठी। डीएम अरुण कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ अंकुर लाठर ने न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जायस में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का शुभारम्भ फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अपने सम्बोधन में कहा कि रविवार को सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवायें बंद रहती हैं।
केवल इमरजेंसी सेवायें ही मरीजों को मिलती हैं जिससे रविवार को इलाज के लिए मरीजों को इधर-उधर भटकना पड़ता था। परेशानियों को देखते हुए प्रदेश सरकार ने प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर प्रत्येक रविवार को मुख्यमंत्री जनआरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किये जाने के निर्देश दिये गये है।
उक्त निर्देश के क्रम में कोविड 19 वैश्विक महामारी के चलते 8 माह बाद नए वर्ष में पुनः प्रत्येक रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का शुभारम्भ किया गया है। उन्होने बताया कि इस मेले में आने वाले मरीजों को निःशुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी। वहीं स्वास्थ्य मेले में जरुरी पैथोलॉजी की जांचों की भी सुविधा मरीजों के लिए उपलब्ध रहेगी। मुख्यमंत्री जन-आरोग्य स्वास्थ्य मेले में सरकार द्वारा चलायी जा रही स्वास्थ्य योजनाओं की भी मरीजों को पूरी जानकारी दी जायेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में लोगों को टीबी, मलेरिया, डेंगू, दिमागी बुखार, फाइलेरिया एवं कुष्ठ रोग से सम्बंधित जानकारी, आवश्यक जांच उपचार एवं सन्दर्भन सुविधाए, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान की जानकारी तथा पात्र लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड वितरण का काम किया जाएगा।
गर्भावस्था तथा प्रसव कालीन परामर्श तथा सेवाएं, पूर्ण टीकाकरण परामर्श सेवाएं, बच्चों में डायरिया एवं निमोनिया के रोक थाम बचाव एवं उपचार की जानकारी संबंधित कार्य जारी रहेंगे। कुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण एवं उनके उपचार हेतु समुचित कार्यवाही की जाएगी।
जिला अधिकारी ने जनपद वासियो से अपील की है कि वे अपने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को जाकर स्वास्थ्य से संबंधित सभी बीमारियों का इलाज कराकर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का लाभ अवश्य उठाएं। क्योंकि प्रदेश सरकार का यह एक सपना है कि स्वस्थ्य और स्वच्छ अपना प्रदेश बने।
इस स्वास्थ्य मेले में सरकार की ओर से चलायी जा रही स्वास्थ्य योजनाओं जैसे क्षय रोग नियन्त्रण कार्यक्रम, लेप्रोसी उन्मूलन कार्यक्रमों की भी जानकारी मरीजों को दी जायेगी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ अंकुर लाठर, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुधीर रूंगटा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ आशुतोष दुबे, डॉ सीएस अग्रवाल, सीएचसी अधीक्षक डॉ एचपी यादव, पीएचसी अधीक्षक डॉ संजय जायसवाल, फार्माशिष्ट एमपी चौधरी सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।
