लालकुंआ: कोतवाली घेरने वाले 45 कांग्रेसियों पर कसा कानूनी शिकंजा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लालकुंआ,अमृत विचार। कोतवाली घेरने वाले कांग्रेसी नेताओं पर कानूनी शिकंजा कस गया है। पुलिस ने प्रदर्शनकारी 45 लोगों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न संगीन धाराओं के साथ ही सीआरएलए एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। मौके की फुटेज के आधार पर अब आरोपियों की पहचान की जा रही है। सोमवार को लालकुआं कोतवाली …

लालकुंआ,अमृत विचार। कोतवाली घेरने वाले कांग्रेसी नेताओं पर कानूनी शिकंजा कस गया है। पुलिस ने प्रदर्शनकारी 45 लोगों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न संगीन धाराओं के साथ ही सीआरएलए एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। मौके की फुटेज के आधार पर अब आरोपियों की पहचान की जा रही है।

सोमवार को लालकुआं कोतवाली में कांग्रेसियों के धरना-प्रदर्शन के दौरान बतौर डे अफसर मौजूद सीमा आर्य की ओर से यह जुबानी केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि कोतवाली आए 40-45 लोगों ने पुलिस से मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले आरोपी कांग्रेसी नेताओं को हवालात की हिरासत से छुड़वाने का प्रयास किया। धरने पर बैठने के दौरान कोतवाली आने वाले स्टाफ और फरियादियों का रास्ता बाधित किया। धरना-प्रदर्शन के दौरान कोतवाली का राजकीय कार्य बाधित हुआ। आरोपियों ने उत्तेजक नारेबारी के साथ पुलिस फोर्स को भड़काने का भी प्रयास किया। यह भी आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने कोविड गाइडलाइन का भी पालन नहीं किया। पुलिस अफसरों के काफी समझाने पर भी ये लोग नहीं माने। लालकुआं सीओ बीएस भाकुनी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 341, 269, 270, 186, 34 और सीआरएलए एक्ट की धारा सात के तहत केस दर्ज किया है।

पूर्व कैबिनेट मंत्री समेत कई कांग्रेसी आएंगे कार्रवाई की जद में
हल्द्वानी। प्रदर्शनकारियों पर केस दर्ज करने के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल समेत कई कांग्रेसी नेता कार्रवाई की जद में आ सकते हैं। सोमवार को लालकुआं कोतवाली में हुए प्रदर्शन को पूर्व कैबिनेट मंत्री नेतृत्व कर रहे थे। उनके साथ क्षेत्र के कई कांग्रेसी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

धामी पक्ष ने मौके से मिली तलवारें पुलिस को सौंपी
लालकुआं। बर्ड डे पार्टी के दौरान हुई अराजकता में धामी पक्ष की ओर से कोतवाली पुलिस को दो तलवारें सौंपी हैं। आरोप है कि ये तलवारें दूसरे पक्ष के आरोपी विक्रम सिंह की हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने विक्रम सिंह के हाथ से तलवारें छीनी थी। धामी पक्ष ने इस मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

संबंधित समाचार