काशीपुर: पर्यटन मंत्री महाराज ने काशीपुर और रामनगर में किया योजनाओं का लोकापर्ण
काशीपुर,अमृत विचार। प्रदेश के पर्यटन एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने कुमाऊं भ्रमण की शुरुआत करते हुए एक ओर जहां जनपद नैनीताल के रामनगर में पर्यटन एवं सिंचाई विभाग की करोड़ों रुपये की योजनाओं का लोकापर्ण किया तो वहीं दूसरी ओर काशीपुर में भी पर्यटन, सिंचाई एवं लघु सिंचाई विभाग की 21 करोड़ 98 लाख …
काशीपुर,अमृत विचार। प्रदेश के पर्यटन एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने कुमाऊं भ्रमण की शुरुआत करते हुए एक ओर जहां जनपद नैनीताल के रामनगर में पर्यटन एवं सिंचाई विभाग की करोड़ों रुपये की योजनाओं का लोकापर्ण किया तो वहीं दूसरी ओर काशीपुर में भी पर्यटन, सिंचाई एवं लघु सिंचाई विभाग की 21 करोड़ 98 लाख की कई योजनाओं का लोकापर्ण किया।
बुधवार को काशीपुर कई योजनाओं का लोकपर्ण करने पहुंचे पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि पर्यटन विभाग ने सभी जनपदों में पौराणिक महत्व के भगवान विष्णु, भगवान शिव, नाग देवता, नवग्रह एवं गोलजू मंदिरों का विवरण एकत्र कर सर्किट बनाने की एक पहल प्रारंभ की है। जिससे कि उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों को इन धार्मिक स्थलों के पौराणिक महत्व के बारे में जानकारी उपलब्ध होने के साथ-साथ उन्हें वहां जाकर दर्शनों का लाभ प्राप्त हो सके।
पर्यटन मंत्री महाराज ने बताया कि नैनीताल के भीमेश्वर महादेव को शिव सर्किट, करकोटक के नाग देवता मंदिर एवं घोड़ाखाल के गोलज्यू मंदिर को नागराजा एवं गोलज्यू मंदिर सर्किट में शामिल किया गया है। जबकि ओखलकांडा स्थित बृहस्पति देव मंदिर को नवग्रह सर्किट में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार काशीपुर स्थित मोटेश्वर महादेव को शिव सर्किट में शामिल करने के साथ-साथ गोविषाण शिला को प्रस्तावित बुद्ध सर्किट, नानकमत्ता एवं ननकाना साहिब को प्रस्तावित गुरुद्वारा सर्किट में स्थान दिया गया है।
महाराज ने कहा कि पर्यटन विभाग ने पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्रह आवास (होम स्टे) विकास योजना के तहत होम स्टे निर्माण के लिए स्थानीय लोगों को अनुदान दिए जाने का प्रावधान किया है। बताया कि अभी तक राज्य में 2761 होम स्टे पंजीकृत किए जा चुके हैं। जबकि वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के तहत प्रदेश के मार्गों पर संचालन के लिए एक वित्तीय वर्ष में अधिकतम 50 वर्षों (इलेक्ट्रॉनिक) की खरीद के लिए 50 प्रतिशत अधिकतम 15 लाख की सब्सिडी पर्यटन विभाग दे रहा है। वहां पर मेयर ऊषा चौधरी, ब्लॉक प्रमुख अर्जुन कश्यप, अजय कश्यप, संजय कश्यप, राकेश लखेड़ा, धर्मवीर सिंह आदि मौजूद थे।
-पर्यटन मंत्री ने इन योजनाओं का किया लोकापर्ण-
1.काशीपुर में विकासखंड परिसर में लघु सिंचाई विभाग के तहत उपखंड कार्यालय काशीपुर के 24 लाख 83 हजार रुपये की लागत से निर्मित आवासीय भवन
2. 10 करोड़ 60 लाख की लागत से लघु सिंचाई के तहत नाबार्ड वित्त पोषित योजना आरटीजन कुपो के निर्माण कार्यों का लोकापर्ण।
3. 11 करोड़ 13 लाख 21 हजार की लागत से नाबार्ड के तहत जनपद ऊधमसिंह नगर के सितारगंज विकासखंड की कटना, बसगर, भुड़िया एवं दौंदा नहरों की आधुनिकीकरण योजना का लोकापर्ण।
4. रामनगर में पर्यटन विभाग द्वारा 570.47 लाख की लागत से निर्मित कन्वेंशन सेंटर और कोसी बैराज के अपर एवं डाउन स्ट्रीम में 41.48 लाख की लागत से निर्मित मनोरंजन पार्क निर्माण एवं सौंदर्यकरण के कार्यों का लोकापर्ण।
