हल्द्वानी: पंगोट में निजी रोपवे के लिए 250 पेड़ों पर आरी चलाने का विरोध
हल्द्वानी,अमृत विचार। नैनीताल के पंगोट में 250 से ज्यादा हरे पेड़ों पर आरी चलाकर रोपवे बनाने का ग्रामीणों ने विरोध कर दिया है। ग्रामीणों ने नैनीताल डीएफओ और नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश को ज्ञापन सौंप कर पेड़ों का कटान रुकवाने की मांग की है। नैनीताल के पंगोट क्षेत्र की ग्राम सभा बुडलाकोट के दर्जनों …
हल्द्वानी,अमृत विचार। नैनीताल के पंगोट में 250 से ज्यादा हरे पेड़ों पर आरी चलाकर रोपवे बनाने का ग्रामीणों ने विरोध कर दिया है। ग्रामीणों ने नैनीताल डीएफओ और नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश को ज्ञापन सौंप कर पेड़ों का कटान रुकवाने की मांग की है।
नैनीताल के पंगोट क्षेत्र की ग्राम सभा बुडलाकोट के दर्जनों ग्रामीण पंगोट पर्यावरण संरक्षण समिति के बैनर तले बुधवार को नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश के हल्द्वानी स्थित आवास पहुंचे।
यहां उन्होंने नेता प्रतिपक्ष को ज्ञापन सौंप कर बताया कि बुडलाकोट ग्राम सभा के लोक चुरानी में निजी रोपवे बनाने के लिए 250 से अधिक संरक्षित प्रजाति के हरे पेड़ों को काटा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नोएडा से आने वाला एक व्यक्ति स्वयं को मुख्यमंत्री का रिश्तेदार बता रहा है। वह मुख्यमंत्री कार्यालय से फोन करवा कर जिला प्रशासन से सारे काम फटाफट करा ले रहा है। बुडलाकोट में संरक्षित बर्ड कंजर्वेशन क्षेत्र जहां एक सड़क नहीं बन सकी है वहां रोपवे प्रोजेक्ट के लिए पेड़ काटने की कार्रवाई हो रही है।
डीएफओ, पर्यटन अधिकारी और एसडीएम ने स्थलीय दौरा किया था। बीते मंगलवार को भी पेयजल, बिजली विभाग के अधिकारी रोपवे के लिए निरीक्षण करने आए थे लेकिन ग्रामीणों ने लौटा दिया। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष से पेड़ों को बचाने की मांग की है। इस पर नेता प्रतिपक्ष ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। नेता प्रतिपक्ष से मिलने वालों में दिनेश बुढलाकोटी, पंकज पडलिया, नवीन चंद्र, मुकेश पांडे, धारा बल्लभ, पूरन, बद्री दत्त आदि शामिल थे
