हल्द्वानी: टीके पर बढ़ा लोगों का भरोसा, 300 में से 193 लाभार्थी पहुंचे
हल्द्वानी,अमृत विचार। कोरोना टीकाकरण के पहले चरण के दूसरे दिन सोमवार को जनपद में 193 लाभार्थियों को टीका लगाया गया। जिनमें सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में 69, महिला अस्पताल हल्द्वानी में 60 और बीडी पांडे महिला अस्पताल नैनीताल में 64 लाभार्थियों को टीका लगाया गया। सभी केंद्रों में इस बार टीकाकरण प्रक्रिया को लेकर …
हल्द्वानी,अमृत विचार। कोरोना टीकाकरण के पहले चरण के दूसरे दिन सोमवार को जनपद में 193 लाभार्थियों को टीका लगाया गया। जिनमें सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में 69, महिला अस्पताल हल्द्वानी में 60 और बीडी पांडे महिला अस्पताल नैनीताल में 64 लाभार्थियों को टीका लगाया गया। सभी केंद्रों में इस बार टीकाकरण प्रक्रिया को लेकर सामान्य स्थिति देखने को मिली। सर्वर को लेकर भी किसी तरह की दिक्कत सामने नहीं आई। इस बार पिछली बार के मुकाबले लाभार्थियों का ग्राफ 4.6 फीसदी अधिक रहा। इस बार 64.33 प्रतिशत लोगों ने टीका लगवाया। जबकि पहले दिन लाभार्थियों का प्रतिशत 59.66 प्रतिशत था।
इससे पहले 16 जनवरी को वैक्सीन लांच की गई थी। जिसमें जनपद के 179 लाभार्थियों को टीका लगाया गया था। कोविन एप से फोन पर मैसेज नहीं पहुंचने पर इनमें कई लाभार्थी टीका लगाने से वंचित रह गए थे। इन्हें अब अगली सूची में शामिल किया गया है। सोमवार को सभी केंद्रों पर सुबह के समय वैक्सीन पहुंचा दी गई थी। मेडिकल कॉलेज में पहला टीका सुबह 9:58 पर, महिला अस्पताल में पहला टीका सुबह 10:31 पर और बीडी पांडे महिला अस्पताल नैनीताल में पहला टीका सुबह 10: 12 बजे लगाया गया। शाम पांच बजे तक टीकाकरण की प्रक्रिया जारी रही।
अभी भी कुछ लोगों में बना हुआ है डर
सभी केंद्रों पर कुछ लोग मैसेज पहुंचने पर भी टीका लगाने नहीं आए। स्वास्थ्य विभाग के कुछ लोगों का कहना है कि कुछ लोग टीके से होने वाले साइड इफेक्ट के भ्रम में पड़ गए हैं। इसलिए वे टीका लगाने नहीं आ रहे। ऐसे लोगों की काउंसिल कर उन्हें टीका लगाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
आज भी इन्हीं केंद्रों पर लगेगा टीका
एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि मंगलवार को भी इन्हीं बूथों पर टीकाकरण होगा। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक हर बूथ पर 100 लोगों को वैक्सीनेट किया जाएगा।
