बरेली: सड़कों से फुटपाथ गायब, कैसे सुरक्षित होंगे पैदल चलने वाले
बरेली, अमृत विचार। शहर की मुख्य सड़कों पर पैदल चलने वाले राहगीरों के लिए बनाए गए फुटपाथ अतिक्रमण की भेंट चढ़ते जा रहे हैं। वहीं, कई जगह फुटपाथ है ही नहीं। राहगीर सड़क पर वाहनों की भीड़ के बीच ही पैदल चलने को मजबूर हैं। ऐसे में कभी भी कोई भी बड़ा हादसा हो सकता …
बरेली, अमृत विचार। शहर की मुख्य सड़कों पर पैदल चलने वाले राहगीरों के लिए बनाए गए फुटपाथ अतिक्रमण की भेंट चढ़ते जा रहे हैं। वहीं, कई जगह फुटपाथ है ही नहीं। राहगीर सड़क पर वाहनों की भीड़ के बीच ही पैदल चलने को मजबूर हैं। ऐसे में कभी भी कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस पर किसी का ध्यान नहीं है।
शहर में बड़ी संख्या में लोगों का सिविल लाइंस व श्यामगंज क्षेत्र में आना-जाना रहता है। शहर के मुख्य बाजार भी इसी क्षेत्र में हैं। सिविल लाइंस और प्रेम नगर इलाके को छोड़ दें तो किसी भी क्षेत्र में फुटपाथ नहीं है। सबसे ज्यादा व्यस्त एरिया की बात करें तो नावल्टी से लेकर पटेल चौक, नावल्टी से कुतुबखाना, कुतुबखाना से लेकर कोहाड़ापीर, कुतुबखाना से किला, श्यामगंज मार्केट व अन्य प्रमुख क्षेत्र में फुटपाथ है ही नहीं।
यहां लोग खरीदारी करने या अन्य किसी काम से आते हैं तो वाहनों के साथ ही मजबूरी में निकलते हैं। सड़क पर नजर दौड़ने पर यह पता नहीं चलता कि सड़क पर वाहन गुजर रहे हैं या पैदल लोग चल रहे हैं। सड़क के किनारे भी यहां पूरी तरह से अतिक्रमण है, ऐसे में लोग यदि सड़क किनारे भी चलना चाहें तो चल नहीं सकते हैं। ऐसे में हमेशा ही हादसे का डर बना रहता है।
अन्य जगहों की बात करें तो वहां फुटपाथ सिर्फ नाम के हैं। फुटपाथ पर अतिक्रमण है। गांधी उद्यान से चौकी चौराहा, चौकी चौराहे से डीएम आवास होते हुए कलेक्ट्रेट तक फुटपाथ बना है लेकिन इस पर जगह-जगह अवैध कब्जा है। इसी तरह से पटेल चौक से नगर निगम, बरेली कॉलेज और पटेल चौक से चौपुला चौराहे तक फुटपाथ बना है लेकिन अतिक्रमण की वजह से लोग उन पर पैदल नहीं चल सकते हैं।
इसी तरह डीडीपुरम व अन्य जगहों पर भी फुटपाथ पर अतिक्रमण है। कई जगह फुटपाथ बने तो हैं लेकिन पूरी तरह से टूटे पड़े हैं। कोई इनकी सुध नहीं ले रहा है। कई जगहों पर फुटपाथ के रास्ते में सड़क है तो यहां से बिना रोक-टोक वाहन गुजरते रहते हैं। चौराहों पर पैदल निकलने वालों के लिए कोई रेड सिग्नल नहीं होता है। पैदल सड़क पार करने के लिए जेब्रा क्रॉसिंग भी नहीं है। इस तरह के हालात से पैदल चलने वालों की सड़क पर सुरक्षा कैसे होगी।
