मुरादाबाद: अब बिजली का बिल जमा करेंगी महिलाएं, दी जाएगी ट्रेनिंग
मुरादाबाद, अमृत विचार। राशन डीलरों के बाद अब शहर से लेकर देहात तक स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी बिजली बिल जमा करेंगी। इसके लिए विद्युत निगम की ओर से महिलाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं के फोन में साफ्टवेयर अपडेट किया जाएगा। जिसके बाद घर-घर जाकर महिलाएं बिजली बिल जमा करेंगी। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। राशन डीलरों के बाद अब शहर से लेकर देहात तक स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी बिजली बिल जमा करेंगी। इसके लिए विद्युत निगम की ओर से महिलाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं के फोन में साफ्टवेयर अपडेट किया जाएगा। जिसके बाद घर-घर जाकर महिलाएं बिजली बिल जमा करेंगी। इसकी एवज में महिलाओं को विद्युत निगम की ओर से कमीशन दिया जाएगा।
महिलाएं हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। जिले में भी नारी सशक्तिकरण की झलक देखी जा सकती है। आज स्कूली ड्रेस से लेकर पुष्टाहार वितरण की जिम्मेदारी संभालने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अब बिजली का बिल भी घर-घर जाकर जमा करेंगी। विद्युत निगम का लाइनलॉस 14 से 17 प्रतिशत है। इस लाइनलॉस में बर्बाद बिजली के अलावा वह भी आंकड़ा शामिल होता है। जिस बिजली को जलाने के बाद उपभोक्ता बिल नहीं जमा करते हैं। सिर्फ 40 प्रतिशत ही ऐसे उपभोक्ता हैं जो नियमित तौर पर बिजली का बिल जमा करते हैं।
जबकि अधिकांश ऐसे लोग हैं जो बिजली बिल जमा करने के लिए लंबी-लंबी लाइनों में खड़ा नहीं होना चाहते हैं। अब ऐसे लोगों के घर पर बिल जमा हो सकेगा। यह बिल स्वयं सहायता समूह की महिलाएं जमा करेंगी। ज्यादा से ज्यादा बिल समय से जमा हो सके। इसके लिए विभाग की तरफ से बिथरी ब्लॉक मे बिजली बिल जमा कराने की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सौंपी जाएगी।
महिलाओं से एक तय राशि विभाग अपने पास जमा करवाएगा और जितना बिल वह जमा करेंगी। उतना पैसा उनकी जमा हुई रकम से बैलेंस हो जाएगा। विभाग महिलाओं के फोन में एक साफ्टवेयर डाउनलोड कराएगा जिससे मॉनीटरिंग की जा सकेगी कि महिलाओं ने किस उपभोक्ता का कितना बिल जमा किया। बिल जमा करने पर महिलाओं को उपभोक्ता को रसीद देनी पड़ेगी। समूह की महिलाओं को बिल जमा कराने के एवज में कमीशन दिया जाएगा। इससे जहां एक तरफ महिलाओं को आमदनी और रोजगार मिलेगा। वहीं बिजली विभाग का राजस्व बढ़ेगा।
राशन डीलर भी बिल जमा करने को तैयार
विद्युत निगम की ओर से बिजली बिल जमा करने की सुविधा राशन की दुकानों पर भी प्रदान की गई। जहां राशन डीलर खाद्य सामग्री लेने आने वाले उपभोक्ताओं से बिजली बिल जमा करने के संबंध में भी जानकारी ले रहे हैं। इसके लिए विद्युत निगम की ओर से राशन डीलरों को ट्रेनिंग दी जा चुकी है। पहले चरण में 35 राशन डीलरों को ट्रेनिंग देने के साथ ही उनकी मशीन को अपडेट किया गया है।
बिजली बिल जमा न होने से निगम का राजस्व नहीं बढ़ पा रहा है। कुछ उपभोक्ता तो नियमित रूप से बिल जमा कराते हैं, जबकि अधिकांश लंबे समय तक बिल जमा नहीं कराते। ऐसे में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। राजस्व बढ़ाने के लिए यह व्यवस्था लागू की जाएगी। -दीपक कुमार, अधीक्षण अभियंता
