बरेली: 28 जनवरी को 34 केंद्रों पर 7319 स्वास्थ्यकर्मियों को लगेगी कोविशील्ड
बरेली, अमृत विचार। वैश्विक महामारी कोरोना पर काबू पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सक्रियता बढ़ा दी है। जिले में 16 जनवरी और 22 जनवरी को सफल कोरोना वैक्सीनेशन के बाद अब 28 जनवरी को फिर से स्वास्थ्यकर्मियों का वैक्सीनेशन होगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी के अनुसार, 28 जनवरी को 34 केंद्रों पर 7319 पंजीकृत लाभार्थियों …
बरेली, अमृत विचार। वैश्विक महामारी कोरोना पर काबू पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सक्रियता बढ़ा दी है। जिले में 16 जनवरी और 22 जनवरी को सफल कोरोना वैक्सीनेशन के बाद अब 28 जनवरी को फिर से स्वास्थ्यकर्मियों का वैक्सीनेशन होगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी के अनुसार, 28 जनवरी को 34 केंद्रों पर 7319 पंजीकृत लाभार्थियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इन केंद्रों पर कुल 65 सेशन लगेंगे। 16 जनवरी और 22 जनवरी को जिन लोगों को प्रतिरक्षित किया गया है। उन्हें 15 फरवरी को वैक्सीन की दूसरी डोज लगेगी।
कोरोना का टीका लगने के बाद अगर थकान महसूस हो, कंपकंपी या बुखार, सिर दर्द, मतली, जोड़ों या मांसपेशियों में दर्द की समस्या आ रही हो तो इसका मतलब यह है कि टीका असर कर रहा है। बरेली में 16 जनवरी को 64.5 प्रतिशत और 22 जनवरी को 67 प्रतिशत वैक्सीनेशन हुआ था, अबकी बार शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य है। टीकाकरण के दौरान वैक्सीनेटरों को एडी हेल्थ कार्यालय परिसर में स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
टीका लगवाने से पहले स्वास्थ्यकर्मियों को देनी होगी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि टीका लगवाने से पहले संबंधित स्वास्थ्यकर्मी को एलर्जी, बुखार, रक्त बहने, रक्त पतला करने की कोई दवा ले रहे होने या प्रतिरक्षा क्षमता कम होने की जानकारी देनी होगी। गर्भवती या स्तनपान करा रहीं महिलाओं को भी जानकारी देनी चाहिए।
सीरम इंस्टीट्यूट की फैक्टशीट के मुताबिक, कोविशील्ड टीका 18 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए ही है। यह टीका उन्हें नहीं लगेगा जिन्हें पहली खुराक के बाद एलर्जी हुई हो। वैक्सीन लगने के बाद अगर कोई प्रतिकूल प्रभाव होता है तो तत्काल वैक्सीन लगाने वाले को या टोल फ्री नंबर 0581-2828914 पर सूचना दें।
5 फरवरी तक पूरा हो जाएगा पहले चरण का वैक्सीनेशन
28 जनवरी को वैक्सीनेशन होने के बाद 29 जनवरी, 4 और 5 फरवरी को वैक्सीनेशन किया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि 5 फरवरी तक जिले में पहले चरण का वैक्सीनेशन समाप्त हो जाएगा। वहीं, द्वितीय चरण के वैक्सीनेशन के लिए प्रशासन, फ्रंटलाइन वर्कर का डाटा संग्रहित का कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है।
निगरानी कक्ष पर रहेगी खास नजर
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि सभी केंद्र संचालकों को अस्पताल में निर्धारित समय से सारी व्यवस्था करने को कहा गया है। उन्हें वैक्सीनेशन के बाद निगरानी कक्ष को सक्रिय रखने के लिए भी कहा है। निगरानी कक्ष में चिकित्सक की उपस्थिति, एड्रिनिल की खुराक और ऑक्सीजन सिलिंडर की व्यवस्था कराने, महिलाओं के वैक्सीनेशन के दौरान पर्दे की व्यवस्था रखने, पंजीकरण का मिलान होने पर व्यक्ति को कमरों तक पहुंचाने के लिए एक अन्य गार्ड की तैनाती करने, तबीयत बिगड़ने पर तत्काल उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
ये अस्पताल बनाए गए हैं केंद्र
जिला महिला अस्पताल, राममूर्ति मेडिकल कालेज, सिद्धि विनायक, जिला अस्पताल, डॉ. रवि खन्ना हॉस्पिटल, फरीदपुर सीएचसी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहगंज, राजश्री और धनवंतरि मेडिकल कॉलेज, नवाबगंज सीएचसी, भोजीपुरा सीएचसी, रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज, राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज, खुशलोक हॉस्पिटल, महाजन हॉस्पिटल, विपिन हॉस्पिटल, भमोरा, दलेलनगर, मीरगंज और शेरगढ़ सीएचसी, बहेड़ी, मुड़िया नवीवत, कुंआटांडा, क्यारा, रामनगर,मझगवां, महेंद्र गायत्री अस्पताल, विनायक हास्पिटल, केशलता अस्पताल, राम किशोर मेमोरियल अस्पताल, एसआरएमएस गुडलाइफ, गंगाशील एडवांस रिसर्च इंस्टीट्यूट।
