हल्द्वानी: हर दा हमारा आला दुबारा…असली चेहरा कौन कार्यकताओं के समझ अभी कुछ नहीं आ रहा!
हल्द्वानी,अमृत विचार। हर दा हमारा आला दुबारा, आस लागीरों उत्तराखंड सारा…. उत्तराखंड की मशहूर लोक गायिका माया उपाध्याय का कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर बना गीत गुरुवार को लांच हो गया। गीत की लांचिंग के साथ ही एक बार फिर हर दा को मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाए जाने की मांग तेज …
हल्द्वानी,अमृत विचार। हर दा हमारा आला दुबारा, आस लागीरों उत्तराखंड सारा…. उत्तराखंड की मशहूर लोक गायिका माया उपाध्याय का कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर बना गीत गुरुवार को लांच हो गया। गीत की लांचिंग के साथ ही एक बार फिर हर दा को मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाए जाने की मांग तेज हो गई है।
गुरुवार को पीली कोठी रोड स्थित एक निजी बैंक्वेट हाल में आयोजित लांचिंग समारोह में गीत की लांचिंग की गई। गीत की लांचिंग लोक गायिका माया उपाध्याय, जागेश्वर विधायक व पूर्व विस अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल और लोक गायिका माया उपाध्याय ने की। तकरीबन चार मिनट 20 सेंकेंड के इस गाने को प्रोजेक्टर के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी दिखाया गया।
विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि लोक गायिका माया उपाध्याय के गीत में तत्कालीन हरीश रावत सरकार की उपलब्धियां और भावी योजनाएं शामिल हैं। जिसे लोक गीत के जरिए जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। हरीश रावत ने लोक कलाकार, पुरोहित, किसान वगैरह के लिए पेंशन शुरू की। वृद्धावस्था, कन्या विद्या धन योजना में दी जाने वाली राशि बढ़ाई। रावत सरकार के समय में 32 हजार लोगों को सरकारी नौकरी मिली और 16 हजार पदों के लिए अध्याचन हुआ। कुंजवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा की पहली सरकार आई है जिसने कांग्रेस की जनहित योजनाओं इंदिरा अम्मा भोजनालय, गौरा विद्या धन आदि योजनाओं को बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कांग्रेस और हरीश रावत को सत्ता में लाने का संकल्प लेना चाहिए।
पूर्व मंत्री हरीश दुर्गापाल ने कहा कि पहाड़ी उत्पादों, लोक संस्कृति को बढ़ाने में हरीश रावत का अहम योगदान है। हर दा सरकार का एक-एक फैसला उत्तराखंड और उत्तराखंड की जनता के विकास के लिए ही लिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को वापस सत्ता में लाने के लिए मेहनत करनी चाहिए।
लोक गायिका माया उपाध्याय ने कहा कि हर दा सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा सक्रिय हैं। वह आए दिन हर दा की मड़ुवा, नींबू, माल्टा, कुमाऊंनी परिधान, आभूषण को लेकर होने वाले आयोजनों को देखती हैं। वहीं हर दा सरकार की लोक कलाकारों के लिए शुरू की पेंशन योजना के बारे में भी पता चला तब उन्होंने हर दा पर गीत बनाया।
इधर हर दा पर बने गीत की लांचिंग के साथ ही उत्तराखंड खासकर कांग्रेस की सियासत गरमा गई है। उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव ने साफ किया था कि कांग्रेस तीन मूर्ति नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश, प्रदेशाध्यक्ष प्रीतम सिंह और हरीश रावत के चेहरों पर चुनाव लड़ेगी। लेकिन वीडियो के बाद गीत लांचिंग के जरिए हर दा खेमे ने एक बार फिर से अप्रत्यक्ष तौर पर हरीशरावत को मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाए जाने की मांग तेज कर दी गई है। कार्यक्रम में अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर के के कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया। जो सीधे तौर पर शक्ति प्रदर्शन भी माना जा रहा है।
क्या बोलीं नेता प्रतिपक्ष
नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि हरीश रावत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं, हर नेता का अपना प्रचार का ढंग होता है। हरीश रावत भी गीत के जरिए जनता के दिलों में जगह बनाने का प्रयास कर रहे हैं। वह जो भी कर रहे हैं उससे कांग्रेस को कोई नुकसान नहीं है।
वीडियो भी हो चुकी है रिलीज
हर दा के ऊपर बनी हर दा क्रांति वीडियो भी रिलीज हो चुकी है। पिछले साल हर दा खेमे के विधायक, रास सांसद और कांग्रेसी दिग्गजों ने इस वीडियो को लांच किया था। इसके बाद से हर दा को लेकर तमाम कयास शुरू हो गए थे।
ये रहे मौजूद
इस दौरान आनंद रावत, दीपक बल्यूटिया, खजान पांडेय, महेश शर्मा, संजय किरौला, ललित जोशी, दान सिंह भंडारी, खजान गुड्डू, विजय सिजवाली, बलवंत वोरा, रमेश पांडे, रमेश गोस्वामी, कमान सिंह धामी, प्रदीप नेगी, शशि वर्मा, मंजू तिवारी, किरन, राहुल सोनकर, रितेश जोशी, मुकुल बल्यूटिया सहित तमाम लोग मौजूद थे।
